हजारीबाग: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा, हजारीबाग की बहनों ने भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सांसद सेवा कार्यालय परिसर पहुंचकर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र व यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह से आत्मीयता और उत्सव से भरा रहा। सांसद मनीष जायसवाल ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बहनों का यह स्नेह और आशीर्वाद उन्हें क्षेत्र की जनता की सेवा और हजारीबाग के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है।
सांसद ने बहनों को हर मोड़ पर उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकार की रक्षा करने का वचन दिया। इस दौरान महिला मोर्चा की अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थीं, जिन्होंने सांसद को मिठाई खिलाकर अपनी शुभकामनाएं दीं।





























































