रायबरेली : भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत द्वितीय चरण के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट सेन्सस हैंडबुक (डीसीएचबी) के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इसी क्रम में सदर तहसील, रायबरेली में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 80 लेखपालों एवं नगर पालिका के 1 राजस्व निरीक्षक (आरआई) को डीसीएचबी संबंधी कार्यों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण जिला प्रभारी जनगणना-2027 काजल रानी एवं जिला प्रशिक्षक आशुतोष तिवारी द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डीसीएचबी एप के माध्यम से कार्य करने की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। बताया गया कि प्रत्येक ग्राम सभा एवं नगरीय क्षेत्र से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, संचार, परिवहन, पेयजल, स्वच्छता, कृषि तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से संबंधित विस्तृत एवं प्रमाणिक जानकारी का डिजिटल संकलन किया जाएगा। साथ ही ऐप के संचालन, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सूचना संकलन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप अपने-अपने क्षेत्रों में सही, अद्यतन एवं तथ्यात्मक सूचनाओं का संकलन सुनिश्चित करें, ताकि तैयार होने वाली डिस्ट्रिक्ट सेन्सस हैंडबुक (डीसीएचबी) जनपद की विकास योजनाओं, प्रशासनिक निर्णयों तथा नीति निर्माण के लिए एक विश्वसनीय एवं सशक्त आधार सिद्ध हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने डीसीएचबी एप के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटि रहित कार्य संपादित करने का संकल्प लिया। जनपद प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी गौतम सिंह, तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव सहित लेखपाल आदि उपस्थित रहे।































































