जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नगरीय निकाय एवं डूडा योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

0
51

थीम आधारित पार्क, फसाड लाइटिंग व चौराहों के सौंदर्यीकरण कराए जाने के दिए गए निर्देश


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकाय एवं जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नगर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के समस्त नगरीय क्षेत्रों में स्थानीय विशेषताओं के अनुरूप थीम आधारित पार्क विकसित किए जाएं, जिससे नागरिकों को बेहतर मनोरंजन एवं हरित वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पार्कों का विकास आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप में किया जाए तथा उनमें आवश्यक नागरिक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने नगरों की सुंदरता एवं आकर्षण बढ़ाने के उद्देश्य से प्रमुख भवनों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर फसाड लाइटिंग कराए जाने, शहर की दीवारों पर स्थानीय संस्कृति, विरासत एवं जनजागरूकता पर आधारित वाल पेंटिंग कराने तथा प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से नगरीय क्षेत्रों की पहचान मजबूत होगी और स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण का निर्माण होगा।
बैठक में डलमऊ को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख मंदिरों में फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जाए, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए पाथवे विकसित किए जाएं तथा पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, संकेतक बोर्ड एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर विकसित की जाएं, ताकि डलमऊ को एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, जनपद की समस्त नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY