उत्कृष्ट प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर किया गया सम्मानित
रायबरेली : विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गोरा, बाजार, रायबरेली में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका व जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धीलाल पासी द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर सदस्य कामगार आयोग सुशील गुप्ता, अध्यक्ष लघु उद्योग भारती सुरेश गुप्ता, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला सेवायोजन अधिकारी तनुजा यादव एवं प्रधानाचार्य महिला आईटीआई नेहा उपस्थित रहीं।
अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कौशल विकास एवं आईटीआई के प्रशिक्षार्थियों द्वारा प्रशिक्षण अवधि में निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों द्वारा अवलोकन कर सराहना की गई।
कार्यक्रम में संस्थान के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले, उच्च वेतनमान पर सेवायोजित तथा स्वरोजगार स्थापित करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कौशल विकास मिशन द्वारा 14 जुलाई 2026 को आयोजित रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र भी वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में विश्व युवा कौशल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से निरंतर कौशल विकास करने, नवीन तकनीकी ज्ञान अर्जित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को किसी न किसी कौशल में दक्षता अवश्य प्राप्त करनी चाहिए, जिससे वह आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में योगदान दे सके।
कार्यक्रम के समापन पर नोडल प्रधानाचार्य विवेक तिवारी ने जिलाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष को स्मृति-चिह्न भेंट किया तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन सी.एम. श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर कौशल विकास मिशन से राजीव कुमार सिंह एवं वंदना सिंह तथा आईटीआई से कार्यदेशक राजकुमार मौर्य, हरिश्चंद्र, नरेंद्र बहादुर सिंह यादव, कंचन विश्वकर्मा, अंकिता यादव, शोना, वर्तिका, राकेश कुमार, चंद्रकांत, विनोद भास्कर, आशीष कुशवाहा, आकाश कुमार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।































































