शक्ति नगर में बदहाल सफाई व्यवस्था: सड़क पर बह रही गंदी नाली, नगर पालिका बेखबर

0
31

रायबरेली : स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करने वाली नगर पालिका रायबरेली की जमीनी हकीकत शक्ति नगर मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है। यहां महीनों से नाली की सफाई न होने और उसे ढकने की व्यवस्था न किए जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क पर फैले गंदे पानी से लोगों को रोजाना गुजरना पड़ रहा है, जबकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि जिस नगर पालिका का दायित्व शहर को स्वच्छ और सुरक्षित रखना है, उसी की उदासीनता के चलते मोहल्ले में गंदगी का साम्राज्य फैलता जा रहा है। क्षेत्र में तैनात सफाई सुपरवाइजर और सफाई कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों और प्रचार अभियानों तक सीमित होकर रह गई है।

नाली में जमा गंदा पानी और कचरा मच्छरों तथा रोग फैलाने वाले बैक्टीरिया के पनपने का केंद्र बन चुका है। ऐसे में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन की चुप्पी लोगों की चिंता बढ़ा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई, मरम्मत और ढकने की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी बीमारी के फैलने या दुर्घटना होने की जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

अब सवाल यह है कि आखिर नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और शक्ति नगर के लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिलेगी?

LEAVE A REPLY