कानपुर-प्रयागराज रेलखंड: सीमांचल एक्सप्रेस की आपातकालीन खिड़की से गिरा 9 माह का मासूम, फतेहपुर के पास मिला शव​

0
29



रायबरेली : सीमांचल एक्सप्रेस से अपने गांव लौट रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ट्रेन सफर के दौरान इमरजेंसी विंडो (आपातकालीन खिड़की) खुली होने के कारण 9 महीने का मासूम कनिष्क मां के पास से सरककर नीचे गिर गया। जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के 24 घंटे के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर फतेहपुर के फैजुल्लापुर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मासूम का शव बरामद हुआ।
​सफर के दौरान घटी दर्दनाक घटना
बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी मोहन कुमार दिल्ली में एक अधिवक्ता के पास मुंशी का कार्य करते हैं। वे अपनी पत्नी काजल और 9 माह के बेटे कनिष्क के साथ सीमांचल एक्सप्रेस से अपने गांव जा रहे थे। कानपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद तड़के करीब 3:15 बजे काजल बच्चे को लेकर मिडिल बर्थ पर सो गईं, जिसके पास की इमरजेंसी खिड़की खुली हुई थी। उसी समय मोहन ट्रेन के गेट की तरफ चले गए थे। करीब 4:17 बजे जब मोहन अपनी सीट पर लौटे, तो वहां बच्चा गायब था।
​24 घंटे तक चला व्यापक तलाशी अभियान
बच्चे के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। परिजनों द्वारा जताई गई आशंका के आधार पर प्रयागराज जीआरपी को सूचित किया गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने कानपुर से प्रयागराज के मध्य रेलवे ट्रैक पर सघन तलाशी अभियान चलाया। शनिवार दोपहर फैजुल्लापुर स्टेशन के पास ट्रैक किनारे बच्चे का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
​भिटौरा घाट पर अश्रुपूरित अंतिम संस्कार
रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच फतेहपुर के भिटौरा गंगा घाट पर मासूम कनिष्क का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बिलखती मां काजल ने बताया कि खिड़की खुली होने के कारण बच्चा कब सरककर बाहर गिर गया, इसका उन्हें आभास तक नहीं हो सका। पुलिस प्रशासन ने मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है।

LEAVE A REPLY