जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकालकर डिब्बे में बंद किया जा सका सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सांप फ्रिज के दरवाजे और उसके बीच वाले हिस्से में छिपा बैठा दिखता है। इतनी रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली जगह पर सांप का छिपना देखकर लोगों के होश उड़ गए। वीडियो में एक शख्स काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद करता नजर आता है। यह घटना घरों में सांपों के छिपने के अनोखे तरीकों की याद दिलाती है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @rickychandrasanekman नामक हैंडल से शेयर किया गया है। शुरुआत में सांप आसानी से नजर नहीं आता। वह फ्रिज के दरवाजे और मुख्य हिस्से के बीच की संकरी जगह में बैठा था। रिक्की वीडियो में कहते हैं कि उन्होंने पहली बार ऐसा नमूना देखा है, जहां सांप फ्रिज के बीचोंबीच बैठा हो। दरवाजा खुलते ही सांप हमला भी कर सकता था या नीचे गिर सकता था। यह ऐसी जगह है जहां आमतौर पर किसी का ध्यान नहीं जाता, भले ही फ्रिज रोज खोला-बंद किया जाए। रिक्की बताते हैं कि इसी तरह हादसे हो जाते हैं। उन्होंने साफ कहा कि यह सांप जहरीला नहीं है, लेकिन अगर जहरीला होता तो तुरंत काट सकता था। सांप को पकड़ने में उन्हें काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। सांप फुर्ती से हिलता-डुलता रहा, लेकिन अंत में रिक्की ने उसे काबू करके एक डिब्बे में बंद कर दिया।
लोगों ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने लिखा कि सांप इतनी चतुराई से छिपा था कि अंदाजा लगाना मुश्किल है। एक यूजर ने कमेंट किया, “न्यू फियर इन टाउन” यानी अब डरने की एक नई वजह सामने आ गई है। कई लोग परिवार की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं कि उन्होंने घबराए बिना वीडियो बनाया और सांप को पकड़ने की कोशिश की। कुछ ने चेतावनी दी कि घर में सांप दिखने पर खुद हाथ न डालें, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को बुलाएं।
इन जगहों पर छिपे हो सकते हैं सांप
यह घटना सिर्फ एक वायरल क्लिप नहीं, बल्कि घरों में सांपों के छिपने के संभावित स्थानों की याद दिलाती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि सांप अक्सर फ्रिज के पीछे, नीचे, दरवाजे के गैप में या कंप्रेसर के आसपास छिप सकते हैं क्योंकि वहां अंधेरा और थोड़ी गर्मी मिलती है। गर्मी के दिनों में ठंडक की तलाश में या चूहों जैसे शिकार की खोज में सांप घरों में घुस आते हैं।
घर में सांप दिखे तो क्या करें
घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। तुरंत दरवाजे-खिड़कियां बंद करें, बच्चों और पालतू जानवरों को दूर रखें और स्थानीय वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को कॉल करें। खुद सांप को पकड़ने की कोशिश खतरनाक हो सकती है, भले ही वह जहरीला न लगे। कई गैर-जहरीले सांप भी काट सकते हैं और इंफेक्शन का खतरा रहता है।



























































