रायबरेली-12 अगस्त 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैश बोर्ड (राजस्व संकेतक) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न संकेतकों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली, लंबित राजस्व वादों, तहसीलवार राजस्व प्रकरणों, भूमि संबंधी मामलों, नामांतरण, वरासत, पैमाइश एवं अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम डैश बोर्ड पर प्रदर्शित संकेतकों में जनपद की प्रगति बेहतर हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से अपने विभागीय कार्यों की समीक्षा करें तथा जिन बिंदुओं पर प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष प्राथमिकता के साथ सुधार सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुराने एवं लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराया जाए। साथ ही नामांतरण, वरासत, पैमाइश आदि से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो और आमजन को राजस्व सेवाओं का लाभ निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा बकायेदारों से नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए वसूली सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं जनशिकायतों के निस्तारण में पूरी गंभीरता बरती जाए। प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






















































