डार्विन में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट का पहला दिन मेहमान टीम के लिए पूरी तरह यादगार रहा। एक तरफ बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ते हुए करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, तो दूसरी ओर मोमिनुल हक ने बल्ले से ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसका इंतजार लंबे समय से था। मोमिनुल पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
मोमिनुल हक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन 4 रन बनाते हुए अपने टेस्ट रनों की संख्या 5166 तक पहुंचाई। इस तरह उन्होंने तमीम इकबाल के 5134 टेस्ट रनों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। बांग्लादेश के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड मुशफिकुर रहीम के नाम है। मोमिनुल के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने बांग्लादेश के सबसे भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाजों में अपनी पहचान बनाई है। तमीम को पीछे छोड़ने के साथ अब उनके सामने मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड है, हालांकि दोनों के बीच अभी भी काफी बड़ा अंतर है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बांग्लादेश के बल्लेबाज
- मुशफिकुर रहीम – 6808 रन
- मुमिनुल हक – 5166 रन
- तमीम इकबाल – 5134 रन
- शाकिब अल हसन – 4609 रन
- लिटन दास – 3356 रन
- हबीबुल बशर – 3026 रन
हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया को 198 पर समेटा
पहले टेस्ट के शुरुआती दिन बांग्लादेश ने गेंद से भी जबरदस्त दबदबा बनाया। तेज गेंदबाज हसन महमूद ने 55 रन देकर 6 विकेट झटके, जो टेस्ट क्रिकेट में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम सिर्फ 198 रन पर ढेर हो गई।






















































