समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव की गोरखपुर रोड शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया

0
5

रोड शो में शामिल जेसीबी से टकरा कर बीजेपी नेता के 14 साल के बेटे की मौत हो गई। इसके बाद परिवार और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम कर दिया और हत्या का केस दर्ज करने की मांग करने लगे। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोड शो के दौरान अखिलेश के स्वागत के लिए आई जेसीबी की चपेट में आने से स्थानीय बीजेपी नेता के बच्चे की मौत हो गई जिसके बाद गोरखपुर में जमकर बवाल हुआ। घटना के बाद परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। पीड़ित परिवार रोड शो के आयोजकों के साथ साथ अखिलेश यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA यात्रा के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यात्रा में अखिलेश के स्वागत के लिए पहुंची JCB की चपेट में आने से बीजेपी नेता ओंकार सिंह के 14 साल के बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसा एयरपोर्ट से महज डेढ़ किलोमीटर दूर कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के पास हुआ। घटना की खबर फैलते ही इलाके के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर आ गए। चक्का जाम कर दिया और अखिलेश के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से PDA रथ के जरिए देवकही गांव जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए कूड़ाघाट में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जेसीबी लगाकर फूल-मालाओं के साथ स्वागत की तैयारी की थी। इसी दौरान ओंकार सिंह का 14 साल का बेटा आर्यवर्धन स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। तभी जेसीबी की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। आर्यवर्धन दसवीं कक्षा का छात्र था।

लोगों का गुस्सा भड़का

अखिलेश की रैली में शामिल जेसीबी से हादसा हुआ तो लोगों का गुस्सा भड़क गया। बड़ी संख्या में लोग बाहर जम गए। बीजेपी के स्थानीय नेता भी साथ आ गए। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला-अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लोगों की बात सुनी और उन्हें आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन का भरोसा दिलाया जिसके बाद लोगों ने चक्काजाम हटाया।

सीएम योगी ने किया आर्थिक मदद का ऐलान

इधर, सीएम योगी ने घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिजन को 5 लाख की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। सीएम योगी आज गोरखपुर भी पहुंच रहे हैं जहां वो कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। ऐसे में आज मृतक आर्यवर्धन के परिवार से भी उनकी मुलाकात हो सकती है। एक तरफ सीएम योगी के गढ़ में अखिलेश यादव का ये रोड शो विधानसभा चुनाव प्रचार के लिहाज से चर्चा में था, तो दूसरी तरफ स्वागत की तैयारियों के दौरान हुई इस घटना ने पूरे कार्यक्रम पर सवाल खड़े कर दिए। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि सड़क पर भारी मशीनरी खड़ी करने के दौरान सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए। एक परिवार ने अपने घर का चिराग खो दिया और अब उसकी नजर इस मामले में पुलिस प्रशासनिक एक्शन पर टिकी है।

गोरखपुर में अखिलेश का रोड शो

इससे पहले अखिलेश यादव ने सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर में बड़ा रोड शो किया। पीडीए रथ पर सवार होकर अखिलेश यादव बीस किलोमीटर तक चले जिसमें समाजवादी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके बाद रैली हुई, रैली में भी अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। इसी रैली में अखिलेश के स्वागत के लिए बुलडोजर भी मंगाई गई थी जिनमें से एक बुलडोजर की चपेट में आने से 14 साल के बच्चे की मौत हो गई। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऐसे ही एक बुलडोजर पर खड़े होकर अखिलेश को माला पहनाई। पिछले चुनाव में गोरखपुर में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया था लेकिन कल गोरखपुर में भीड़ देखकर अखिलेश काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में जितनी भीड़ आई है, उसे देखकर लगता है कि अगर अभी चुनाव हो जाए तो गोरखपुर में बीजेपी का डब्बा गोल हो जाएगा।

LEAVE A REPLY