चक्रवाती तूफान अकवान के कारण ओडिशा में तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया

0
5

स्कूल आंगनबाड़ी केंद्र को बंद कर दिया गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को देखते हुए ओडिशा सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में भारी बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ की आशंका को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। चक्रवात को लेकर ओडिशा सरकार ने छह जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया। यह आदेश 19 से 21 नवंबर तक लागू रहेगा। इसमें सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल शामिल हैं। यह आदेश बुधवार शाम ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने जारी किया।

इन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल

आदेश के मुताबिक, गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपड़ा और कंधमाल जिले में स्कूल बंद रहेंगे। इन जिलों के सभी शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र तीन दिन तक नहीं खुलेंगे। सरकार ने छह जिलों के कलेक्टर्स  को स्थानीय हालात का आकलन करने का निर्देश दिया है। जरूरत पड़ने पर छुट्टियों के दौरान आगे के कदम उठाने को भी कहा गया है।

कहां कहां है भारी बारिश की चेतावनी?
मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान अकवान के तट की ओर बढ़ने के साथ ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। दक्षिण ओडिशा में 19 नवंबर को सबसे ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। गंजाम, गजपति, खुर्दा और पुरी समेत कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने मछुआरों को चक्रवात की चेतावनी के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी है। 

ओडिशा-आंध्र तट से कब टकराएगा चक्रवात?
आईएमडी के मुताबिक, चक्रवात अकवान बुधवार सुबह बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा था। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकराएगा। यह नरसापुर और पुरी के बीच तट पार कर सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। हवा के झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

प्रशासन ने क्या की है तैयारी

गर्भवती महिलाओं को भी जरूरत पड़ने पर सुरक्षित प्रसव केंद्रों और मां गृहों में पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल टीमें और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी तैयार रहेंगी।

चक्रवात के कारण रेल सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए वाणिज्य एवं परिवहन विभाग ने ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजा है।

रेलवे को संवेदनशील रेलवे ट्रैक, पुलों, स्टेशनों और निचले इलाकों की पहचान कर लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

जरूरत पड़ने पर ट्रेनों के समय में बदलाव, उनका रास्ता बदलने या सेवाएं रद्द करने जैसे फैसले लिए जा सकते हैं। यात्रियों को इन बदलावों की जानकारी समय पर देने का भी निर्देश है।

अगर किसी स्टेशन पर यात्री फंस जाते हैं तो उनके लिए पीने का पानी, रोशनी, चिकित्सा सुविधा और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए। 

केरोसिन, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन को चूड़ा, गुड़, तैयार भोजन, मोमबत्ती और माचिस जैसी जरूरी चीजों का भी पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है।

सड़कों, पुलों, कलवर्ट और तटबंधों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

भारी बारिश के कारण कहीं पेड़ गिरने, मिट्टी खिसकने, मलबा जमा होने या सड़क पर पानी भरने से रास्ता बंद होता है तो उसे जल्द से जल्द साफ करने की व्यवस्था की जाएगी।

अस्पतालों में जनरेटर, अतिरिक्त बिजली, पानी, ईंधन और संचार की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग के नियंत्रण कक्ष भी 24 घंटे काम करेंगे।

दवाइयों का पर्याप्त भंडार रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसमें ओआरएस, एंटीबायोटिक्स, सांप के काटने पर इस्तेमाल होने वाली दवा, आईवी फ्लूइड और अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री शामिल हैं।

LEAVE A REPLY