अभिनेता शरद कपूर पैर की चोट, आर्थिक परेशानियों और काम की कमी से जूझ रहे

0
13

उन्होंने CINTAA और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से काम मांगा है। जनवरी 2027 से अभिनय में वापसी की उम्मीद जताई है। बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह बेहद कमजोर और परेशान नजर आ रहे थे। वीडियो में उनके पालतू कुत्तों को शेल्टर होम ले जाने की बात भी दिखाई दी थी। इसके बाद अभिनेता की आर्थिक स्थिति और उनकी सेहत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब शरद कपूर ने खुद सामने आकर अपनी परिस्थितियों के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने एक तरफ जहां अपने घर को बेचकर दूसरी जगह शिफ्ट होने की योजना बताई, वहीं दूसरी तरफ फिल्म इंडस्ट्री से काम और सहयोग की अपील भी की है।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद चर्चा में आए शरद कपूर

शरद कपूर का एक वीडियो सामने आने के बाद उनके हालात को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। वीडियो में अभिनेता की हालत देखकर उनके प्रशंसकों ने चिंता जताई थी। इस दौरान उनके चार पालतू कुत्तों को एक शेल्टर होम भेजे जाने की बात भी सामने आई। बाद में उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से अभिनेता की मदद करने की अपील की थी। हालांकि शरद ने साफ किया कि उन्होंने आम लोगों से आर्थिक मदद नहीं मांगी थी। उन्होंने बताया कि घर की साफ-सफाई के लिए उन्हें कोई व्यक्ति नहीं मिल पा रहा था और इसी वजह से उन्होंने अपनी दोस्त हेमा से संपर्क किया था। हेमा उनके कुत्तों को अपने शेल्टर होम ले गई हैं और अभिनेता को उम्मीद है कि कुछ दिनों में वे वापस उनके पास आ जाएंगे।

शरद ने यह भी बताया कि वह अपना मौजूदा घर बेचकर किसी दूसरी जगह रहने की योजना बना रहे हैं। उनके मुताबिक आर्थिक रूप से वह ठीक हैं और फिलहाल उनकी सबसे बड़ी जरूरत फिल्मों और दूसरे प्रोजेक्ट्स में काम मिलना है। अभिनेता ने कहा कि उन्हें काम मांगने में कोई झिझक नहीं है और वह चाहते हैं कि इंडस्ट्री के लोग उन्हें फिर से अवसर दें, लेकिन बाद में एक्टर का एक और वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने 2 साल से बेडरिडेन होने की बात के साथ आर्थिक तंगी भी जाहिर की।

दोस्त हेमा चौधरी ने इंडस्ट्री से मांगा था सहयोग

शरद कपूर की परेशानी सामने आने के बाद उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक और वीडियो शेयर किया था। इसमें अभिनेता ने खुद अपनी मानसिक स्थिति और मुश्किल दौर के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि कुछ आरोपों और निजी परिस्थितियों के कारण वह मानसिक रूप से काफी प्रभावित हुए थे। उनका कहना था कि इस दौर में वह डिप्रेशन में चले गए और न तो किसी से मिलने का मन करता था और न ही काम करने की इच्छा होती थी। वीडियो में शरद ने फिल्म इंडस्ट्री से भावनात्मक, मानसिक और आर्थिक सहयोग की अपील की थी। उन्होंने कहा कि वह अपनी परेशानियों से बाहर निकलना चाहते हैं और इसके लिए दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो से तीन वर्षों से वह लगभग बिस्तर पर ही हैं। अभिनेता ने अपने सीनियर कलाकारों को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि वह हमेशा उन्हें हीरो की तरह देखते आए हैं। इस वीडियो में हेमा ने पहले वायरल हुए वीडियो को लेकर फैली गलतफहमियों पर भी सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि शरद की बातों को गलत तरीके से समझा गया। उन्होंने ये भी साफ किया कि वह अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी कुछ मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

फुटबॉल खेलते समय टूट गया था पैर

शरद कपूर ने बताया कि कुछ महीने पहले फुटबॉल खेलते समय उनका पैर टूट गया था। इस चोट ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया। शारीरिक तकलीफ के साथ-साथ निजी जिंदगी में चल रहे तनाव का असर भी उनके मनोबल पर पड़ा। अभिनेता के मुताबिक पूरी तरह ठीक होने में उन्हें अभी लगभग तीन महीने और लग सकते हैं। वहीं हेमा चौधरी के वीडियो में शरद ने अपनी वापसी को लेकर उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा कि वह जनवरी 2027 से दोबारा काम करने के लिए चिकित्सकीय रूप से फिट हो सकते हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री की संस्था CINTAA से भी सहयोग मांगा है। इसके अलावा उन्होंने नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से भी अपने प्रोजेक्ट्स में मौका देने की अपील की। अभिनेता का मानना है कि मुश्किल दौर हमेशा नहीं रहता और वह पहले भी कई बार अपने करियर में वापसी कर चुके हैं।

क्रिप्टोकरेंसी बेचने के बाद बैंक अकाउंट हुआ सीज

शरद कपूर ने अपने वित्तीय हालात पर बात करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ियां बेच दी हैं, क्योंकि अब उन्हें उनकी जरूरत नहीं थी। इसके अलावा उनकी एक बड़ी परेशानी बैंक अकाउंट सीज होने से जुड़ी है। अभिनेता के अनुसार उन्होंने अपनी क्रिप्टोकरेंसी बेची थी, जिसके बाद उनके बैंक खाते पर कार्रवाई हुई। शरद ने बताया कि आयकर विभाग की ओर से उनसे क्रिप्टोकरेंसी की बिक्री से मिले पैसे के स्रोत के बारे में सवाल किया गया था। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि यह रकम क्रिप्टोकरेंसी बेचने से प्राप्त हुई है, लेकिन इसके बावजूद उनका बैंक अकाउंट सीज रहने की समस्या दूर नहीं हुई। अभिनेता ने इस कार्रवाई के खिलाफ अपील भी की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके भाई उनकी आर्थिक मदद कर रहे हैं। उनके दोनों भाई कोलकाता में रहते हैं और उनमें से एक वहां रेस्टोरेंट चलाते हैं। शरद के मुताबिक इससे पहले उन्हें कभी परिवार से आर्थिक मदद मांगने की जरूरत नहीं पड़ी थी, लेकिन मौजूदा हालात में उन्हें भाइयों का सहारा लेना पड़ रहा है।

33 साल की गर्लफ्रेंड से बने पिता, पिछले महीने घर आया नन्हा मेहमान

शरद कपूर की निजी जिंदगी को लेकर भी एक दिलचस्प खुलासा हुआ। बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में एक्टर के घर पर एक महिला और बच्चा मौजूद थे। शरद ने महिला को अपनी गर्लफ्रेंड बताया, हालांकि उन्होंने उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात करीब चार साल पहले हुई थी और वे पिछले दो वर्षों से साथ रह रहे हैं। अभिनेता ने खुलासा किया कि उनकी गर्लफ्रेंड 33 साल की हैं और पिछले महीने दोनों के घर बच्चे का जन्म हुआ है। शरद ने बताया कि उनकी पार्टनर मुश्किल समय में उनका पूरा साथ दे रही हैं। दोनों के बीच अच्छा तालमेल है और वह अपनी जिंदगी में रोमांस को काफी अहमियत देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी गर्लफ्रेंड और बच्चा घर के अलग हिस्से में रहते हैं, जहां उनके पालतू कुत्तों के रहने की जगह से अलग व्यवस्था की गई है।

‘जोश’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों से मिली पहचान

शरद कपूर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1994 में फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत’ से की थी। इसके बाद महेश भट्ट के टीवी शो ‘स्वाभिमान’ में ग्रोवर के किरदार से उन्हें पहचान मिली। साल 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। इसके बाद ‘तमन्ना’ और शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म ‘जोश’ में उनके काम को नोटिस किया गया। शरद ने फरहान अख्तर की ‘लक्ष्य’, ‘वांटेड’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। वह आखिरी बार साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘कैबरे’ में नजर आए थे।

LEAVE A REPLY