दिल्ली में आयोजित इवेंट के वक्त भी उन्हें धमकियां दी गई

0
9

दिलजीत दोसांझ के मुंबई में आयोजित होने जा रहे कॉन्सर्ट के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की गई है। महाराष्ट्र राज्य पंजाबी साहित्य अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष बाल मलकीत सिंह ने दिलजीत दोसांझ के अपकमिंग म्यूजिकल इवेंट के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेटर लिखा है। मलकीत सिंह ने राज्य सरकार से बम की धमकी वाले ईमेल की जांच करने और वेन्यू पर पर सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है। मलकीत ने 10 नवंबर को लिखे अपने लेटर में कहा है कि मुंबई की मेयर रितु तावड़े को कथित तौर पर ईमेल मिले थे जिनमें 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इवेंट को उड़ाने की धमकी दी गई थी।

IP एड्रेस और सोर्स ट्रैक करने की अपील

मैनेजमेंट और मुंबई पुलिस के सिक्योरिटी मेजर्स पर सवाल उठाते हुए सिंह ने बताया कि 1500 से ज्यादा पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जा रहे हैं। पांचों गेटों पर प्रवेश के वक्त जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और तलाशी को लेकर भी सख्त नियम फॉलो किए जाएंगे। हालांकि इतने बड़े इवेंट और सुरक्षा के खतरों को देखते हुए उन्होंने पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा बरतने को कहा है। उन्होंने साइबर सेल से धमकी भरे ईमेल भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए अकाउंट के आईपी एड्रेस और सोर्स की तुरंत जांच करने और दोषियों की पहचान करने की अपील की। उन्होंने वेन्यू और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त स्टेट पुलिस जवानों और QRT की तैनाती की भी मांग की।

बम निरोधक दस्ते और K9 यूनिट्स की मांग

इसके अलावा सिंह ने अधिकारियों से अपील की है कि वो पूरे इवेंट के दौरान तोड़फोड़ विरोधी दस्ते, बॉम्ब डिटेक्शन टीम और बम निरोधक दस्ते और K9 यूनिट्स के द्वारा सिक्योरिटी का बंदोबस्त करें। लेटर में इस बात पर भी जोर किया गया है कि म्यूजिकल इवेंट का मकसद पंजाबी समुदाय और महाराष्ट्र के नागरिकों को साथ जोड़ना और सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना था। दोसांझ की सिक्योरिटी पर सख्ती बढ़ाने की अपील करते हुए सिंह ने कहा, “न तो समुदाय और न ही मुंबई के नागरिक असामाजिक तत्वों के दबाव या भय फैलाने की रणनीति के आगे झुकेंगे।”

दिलजीत दोसांझ को पहले भी मिली हैं धमकियां

बता दें कि इससे पहले दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में आयोजित इवेंट के वक्त भी उन्हें धमकियां दी गई थीं। इसके बाद उनका इवेंट लगभग कैंसिल हो गया था, लेकिन फिर इवेंट की परमिशन मिली और ढेरों लोग यहां पहुंचे। दिलजीत दोसांझ ने भी इवेंट के दौरान और उससे पहले लोगों का शुक्रिया अदा किया। पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ अब इंटरनेशनल सेलिब्रिटी बन चुके हैं और उनके कॉन्सर्ट की टिकटें ब्लैक में बिकती हैं। खबरें आई थीं कि उनके कॉन्सर्ट की टिकटें 1.5 लाख रुपये तक में ब्लैक की गई हैं।

LEAVE A REPLY