पाकिस्तान के साउद शकील का नाम दुनिया के सबसे बदकिस्मत खिलाड़ियों की लिस्ट में

0
19

पाकिस्तान वर्सेस श्रीलंका पहला टेस्ट ड्रॉ रहा, मगर इस मैच के दौरान पाकिस्तानी बल्लेबाज साउद शकील सुर्खियां बटौर ले गए। उनका नाम दुनिया के सबसे बदकिस्मत खिलाड़ियों की लिस्ट में जुड़ गया है। पाकिस्तान ने इस टेस्ट में पहले बैटिंग करते हुए 434 रनों पर पहली पारी घोषित कर दी थी, इस पारी में साउद शकील पाकिस्तान के हाइएस्ट स्कोरर रहे थे, जिन्होंने 93 रनों की पारी खेली। वह अपने शतक से मात्र 7 रनों से चूक गए थे। नर्वस 90s में आउट होना कोई खास बात नहीं है, मगर एक ही मैच में ऐसा दो बार हो जाए तो वह जरूर खास बन जाता है। जी हां, पाकिस्तान के इस स्कोर के सामने श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 446 रन बनाए। जब पाकिस्तान दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी तो साउद शकील फिर शतक के करीब पहुंचे, मगर इस बार वह सेंचुरी से मात्र 3 रन से चूक गए। 97 के निजी स्कोर पर उन्हें लाहिरू कुमारा ने बोल्ड किया।

साउद शकील बने पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज

साउद शकील एक टेस्ट में दो बार नर्वस 90S में आउट होने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं। वर्ल्ड क्रिकेट में इससे पहले 4 खिलाड़ियों के साथ ऐसा हुआ है। आखिरी बार श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 92 और 96 के निजी स्कोर पर एक ही टेस्ट में दो बार 90s में आउट हुए थे।

वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज के नाम यह रिकॉर्ड दो बार दर्ज है। वह इन बदकिस्मत खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे आगे हैं। 1977 में वह पाकिस्तान के खिलाफ 91 और 96 के निजी स्कोर पर आउट हुए थे। वहीं दूसरी बार उनके साथ यह घटना न्यूजीलैंड के खिलाफ 1980 में घटी, जब वह क्राइस्टचर्च टेस्टके दौरान 91 और 97 के निजी स्कोर पर आउट हुए। एक टेस्ट में दो बार 90s में आउट होने वाले बदकिस्मत खिलाड़ी

क्लेम हिल (ऑस्ट्रेलिया)- 98 और 97 वर्सेस इंग्लैंड 1902 फ्रैंक वूली (इंग्लैंड)- 95 और 93 वर्सेस ऑस्ट्रेलिया 1921

गॉर्डन ग्रीनिज (वेस्टइंडीज)- 91 और 96 वर्सेस पाकिस्तान 1977

गॉर्डन ग्रीनिज (वेस्टइंडीज)- 91 और 97 वर्सेस न्यूजीलैंड 1980

महेला जयवर्धने (श्रीलंका)- 92 और 96 वर्सेस न्यूजीलैंड 2009

सऊद शकील (पाकिस्तान)- 93 और 97 वर्सेस श्रीलंका 2026

कैसा रहा पाकिस्तान वर्सेस श्रीलंका पहला टेस्ट?

सऊद शकील लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 97 रन की जुझारू पारी से पाकिस्तान ने पांचवें और अंतिम दिन श्रीलंका की जीत की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए पहला टेस्ट ड्रॉ कराया। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में यह पाकिस्तान का पहला ड्रॉ मुकाबला रहा। इससे पहले खेले गए नौ टेस्ट मैच में पाकिस्तान को सात में हार और दो में जीत मिली थी।

शकील ने पाकिस्तान की नौ विकेट पर 434 रन की घोषित पहली पारी में 93 रन बनाए थे। दूसरी पारी में भी उन्होंने लगभग पूरे अंतिम दिन क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की। हालांकि, पांचवें दिन के अंतिम सत्र में 210 गेंदों का सामना करने के बाद लाहिरू कुमारा ने उन्हें बोल्ड कर दिया।

उस समय तक पाकिस्तान ने आठ विकेट पर 284 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 272 रन हो गई थी। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया और मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया। श्रीलंका की पहली पारी 446 रन पर सिमट गई थी।

LEAVE A REPLY