रामायण फिल्म के ऑस्कर में सब्मिट होने के बाद एक और फिल्म को लेकर अपडेट आया हैऔर इसे सुनकर भारतीय जरूर खुश होंगे। दरअसल, विनोद कापड़ी की इंडिपेंडेंट फिल्म पायर जो सिर्फ 2.5 करोड़ में बनी है उसे 99 अकादमी अवॉर्ड्स में सब्मिट किया गया है। इस खबर के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सबको गर्व हो रहा है मूवी को लेकर
डायरेक्टर विनोद ने क्या कहा
विनोद का कहना है कि ऑस्कर में जाने का उनका फैसला इस विश्वास से प्रेरित है कि इंडिपेन्डेंट सिनेमा को अपनी खूबियों के दम पर मुकाबला करने का मौका मिलना चाहिए।
इंडिया टुडे से बात करते हुए विनोद ने कहा, ‘हमें लगता है इंडिपेंडेंट सिनेमा को अपनी खूबियों के दम पर मुकाबला करने का मौका मिलना चाहिए। अकादमी अवॉर्ड्स के लिए इंडिपेंडेंट सबमिशन रूट के माध्यम से आगे बढ़ने का हमारा फैसला उसी विश्वास का विस्तार है। ये फिल्म सिर्फ हमारी जर्नी की नहीं है, ये जर्नी हर इंडिपेंडेंट फिल्ममेकर की है जो तमाम मुश्किलों के बावजूद कहानियां सुनाते रहते हैं।’
बता दें कि इसी साल मराठी फिल्म गोंधल को ऑस्कर में बेस्ट इंटरनेशनल फिल्म कैटेग्री में चुना गया।
ये मूवीज भी हुई हैं सब्मिट
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ और तेजा रियो की कोन्याक भाषा की फिल्म ‘अंग’ को भी 99वें अकादमी अवॉर्ड्स में विचार के लिए स्वतंत्र रूप से सबमिट किया गया है। अपकमिंग ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट की घोषणा 15 दिसंबर को की जाएगी और फाइनल नॉमिनेशन 21 जनवरी, 2027 को अनाउंस किए जाएंगे।
पायर की स्टोरी
पायर की स्टोरी उत्तराखंड के पहाड़ों में बसे एक बुजुर्ग दंपति के अकेलेपन, संघर्ष और पलायन की सच्ची और इमोशनल कर लेने वाली कहानी पर आधारित है। यह कहानी उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के मुनस्यारी के एक दूरदराज गांव में रहने वाले करीब 80 वर्षीय पदम सिंह (बुबू) और उनकी पत्नी तुलसी / हीरा देवी (आमा) की है।
पलायन के चलते पूरा गांव लगभग खाली हो चुका है और इस बुजुर्ग दंपति के अलावा वहां गिनती के कुछ ही लोग बचे हैं। ऐसे में दोनों को अकेलेपन और कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ता है क्योंकि ना वहां ज्यादा फैसिलिटी है और ना ही लोग बचे हैं।


























































