जनपद रायबरेली में शासकीय अधिवक्ताओं के रिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित, 30 सितम्बर तक भेजे जा सकेंगे आवेदन

0
33



रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि जनपद में शासकीय अधिवक्ताओं के रिक्त पदों के सापेक्ष नवीन आबद्धता के लिए विधि परामर्शी निदेशिका के प्रस्तर 7.03 के अंतर्गत पैनल गठित कर शासन को प्रेषित किया जाना है। इसके लिए जनपद रायबरेली में अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) का एक पद, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) का एक पद तथा सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) का एक पद रिक्त है।
उन्होंने बताया कि अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) पद हेतु न्यूनतम 10 वर्ष का विधि व्यवसाय करने वाले तथा 60 वर्ष से कम आयु के अधिवक्ता आवेदन कर सकते हैं। वहीं सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) एवं सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) पद हेतु न्यूनतम 07 वर्ष का विधि व्यवसाय करने वाले तथा 60 वर्ष से कम आयु के अधिवक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक पात्र अधिवक्ताओं के आवेदन निर्धारित प्रारूप पर पृथक-पृथक तीन प्रतियों में दिनांक 30 सितम्बर 2026 को अपराह्न 05:00 बजे तक स्पीड पोस्ट/रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जिलाधिकारी, रायबरेली के पदनाम पर भेजे जा सकेंगे। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र में मांगी गई सूचना अपूर्ण, अस्पष्ट अथवा त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा।
आवेदन पत्र के प्रपत्र ‘क’ एवं ‘ख’ की सूचना देवनागरी लिपि (हिन्दी) में ए-4 साइज के कागज पर टंकित होना अनिवार्य है। आवेदन ए-4 साइज के सीलबंद लिफाफे में भेजा जाए, जिस पर प्रेषक का नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा आवेदित पद का नाम स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। आवेदन के साथ शैक्षिक अभिलेख, निवास प्रमाण पत्र, आधार तथा अधिवक्ता पंजीकरण/सीओपी संख्या की छायाप्रतियां आवेदक द्वारा स्वप्रमाणित कर संलग्न करना अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रारूप एवं आवश्यक अभिलेखों के बिना अथवा अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY