रायबरेली। बहुचर्चित आदित्य प्रताप सिंह उर्फ रवि हत्याकांड में 18 अगस्त को अदालत द्वारा दिए गए फैसले पर मृतक की बहन रुचि सिंह ने गहरा असंतोष व्यक्त किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अदालत के फैसले को अधूरा करार दिया और बरी किए गए दोनों आरोपियों, अभितेज सिंह व आरके यादव, के खिलाफ उच्च न्यायालय (हाई कोर्ट) में अपील करने का फैसला किया है।
रुचि सिंह का कहना है कि अभितेज सिंह और आरके यादव उनके भाई की हत्या के मुख्य आरोपी हैं और घटनाक्रम से जुड़े वीडियो में भी दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें बरी किए जाने का फैसला समझ से परे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे न्याय पाने के लिए कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगी और किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेंगी।
इसके साथ ही रुचि सिंह ने बरी हुए दोनों व्यक्तियों से अपनी जान का गंभीर खतरा जताते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनके भाई को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे अपनी आवाज उठाती रहेंगी।






















































