हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा मेला, तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट एवं तिरंगा प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

0
34

डीएम ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त बनाने का दिया संदेश


रायबरेली : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सामुदायिक केन्द्र, रतापुर में ‘‘तिरंगा मेला, तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट एवं तिरंगा प्रदर्शनी’’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह एवं राष्ट्र प्रेम का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की जानकारी ली तथा उनके उत्पादों की सराहना की। जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीद भी की और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं विभिन्न प्रकार के स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पाद तैयार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों को अधिक से अधिक खरीदें तथा उनके उत्पादों को प्रोत्साहित कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया तथा कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के रंग में रंग गया। तिरंगा प्रदर्शनी के माध्यम से राष्ट्रध्वज के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा एवं देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी भी प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप देना, नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना।
मंच का संचालन एस०एस० पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY