अब खाद के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, ‘फार्मर रजिस्ट्री’ से आसान होगी खेती; ऊंचाहार में जागरूकता अभियान शुरू

0
143


ऊंचाहार : किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके और कागजी कार्यवाही का झंझट खत्म हो, इसके लिए सरकार ने ‘फार्मर रजिस्ट्री’ की पहल की है। इसी क्रम में ऊंचाहार स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
विषय वस्तु विशेषज्ञ एवं एडीओ (एजी) शिव प्रसाद चौरसिया ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ अगले 10 दिनों तक लगातार ऊंचाहार ब्लॉक की सभी 54 ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेगा और किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के फायदों के प्रति जागरूक करेगा।
किसानों के लिए बड़ी राहत: अब नहीं देनी होगी खतौनी और आधार की फोटोकॉपी
एडीओ एजी शिव प्रसाद चौरसिया ने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवा लें। उन्होंने बताया कि यह एक आईडी कार्ड की तरह काम करेगा। सबसे बड़ी राहत खाद (उर्वरक) खरीद में मिलेगी। अब किसानों को उर्वरक विक्रेता के पास आधार कार्ड और खतौनी की फोटोकॉपी जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। केवल फार्मर रजिस्ट्री का एक पेज का प्रिंट आउट दिखाकर ही किसान आसानी से खाद प्राप्त कर सकेंगे।
इन योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
विभाग द्वारा बताया गया कि फार्मर रजिस्ट्री बन जाने से किसानों का डेटा सरकार के पास डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। इससे पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।

LEAVE A REPLY