रायबरेली : अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/नोडल अधिकारी नागरिक सुरक्षा कोर सिद्धार्थ ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार जनपद रायबरेली में नागरिक सुरक्षा कोर का गठन किये जाने तथा चीफ वार्डेन, डिप्टी चीफ वार्डेन, डिवीजनल वार्डेन, डिप्टी डिवीजनल वार्डेन, घटना नियंत्रण अधिकारी, पोस्ट वार्डेन, डिप्टी पोस्ट वार्डेन, सेक्टर वार्डेन एवं संदेशवाहक के पदों पर तैनाती की जानी है।
उन्होंने बताया है कि नागरिक सुरक्षा कोर के अवैतनिक स्वयं सेवकों/सदस्यों की नियुक्ति/तैनाती हेतु अर्हताएं भारत सरकार के नागरिक सुरक्षा अधिनियम (एक्ट), 1968, विनियमन नागरिक सुरक्षा (रेगुलेशन), 1968 एवं नागरिक सुरक्षा नियम (रुल्स), 1968 के अन्तर्गत दिये गये है। विनियमन नागरिक सुरक्षा (रेगुलेशन), 1968 के नियम 03 व 04 के अंतर्गत अर्हताए निर्धारित की गई है। जिसके अनुसार नागरिक सुरक्षा कोर में सदस्यता हेतु अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक होना आवश्यक है। नागरिक सुरक्षा कोर में सदस्यता हेतु आवेदक की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो। 60 वर्ष से कम उम्र के लोगों को वरीयता दी जायेगी। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम प्राइमरी स्तर की होनी चाहिए। हाईस्कूल एवं उच्चशिक्षित सेवकों को वरीयता दी जायेगी। आवेदक शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। नागरिक सुरक्षा कोर में स्वयंसेवक/सदस्य हेतु महिला एवं पुरुष दोनों आवेदन कर सकते हैं। नागरिक सुरक्षा कोर में स्वयंसेवक सदस्य का उत्तम चरित्र का होना अनिवार्य है। नागरिक सुरक्षा कोर में स्वयं सेवकों/सदस्यों की सदस्यता हेतु आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, तकनीकी ज्ञान, सुरक्षा कार्यों के अनुभवी अभ्यर्थियों को वरीयता दी जायेगी। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप फार्म (ए) पर स्वीकार किये जायेगे। आवेदन पत्र ए-4 साईज के सील बन्द लिफाफे में जो सेवा में नियंत्रक/जिलाधिकारी, नागरिक सुरक्षा जनपद रायबरेली के पद नाम से सम्बोधित स्पीड पोस्ट/रजिस्टर्ड डाक से अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालय जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कोर कलेक्ट्रेट परिसर रायबरेली में आकर जमा कर सकते हैं। आवेदन हेतु आवेदन प्रपत्र से सम्बंधित सूचना नियंत्रक जिलाधिकारी/नागरिक सुरक्षा कोर कार्यालय, कलेक्ट्रेट रायबरेली में हिमांशु गुप्ता (न्याय सहायक द्वितीय) पटल से किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10ः00 बजे से अपराह्न 04ः00 बजे तक प्राप्त किये जा सकते है। आवेदन पत्र कार्यालय में 15 फरवरी, 2026 को सायं 04ः00 बजे तक जमा किये जायेंगे।





























































