रायबरेली : जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा ने बताया है कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत जिले के विकास खंड बछरावां स्थित ग्राम सुदौली में कृषक नृपेंद्र प्रताप राज सिंह के प्रक्षेत्र पर 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित पाली हाउस का सत्यापन उपनिदेशक उद्यान, लखनऊ मंडल की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया गया।
पाली हाउस निर्माण पर कुल लागत ₹21.60 लाख व्यय की गई है, जिसमें योजना प्रावधान के अनुसार इकाई लागत का 50% अर्थात ₹10.80 लाख का अनुदान देय होगा। इस पाली हाउस में आधुनिक तकनीक के माध्यम से टमाटर की उच्च गुणवत्ता वाली खेती की जा रही है, जिससे उत्पादन वृद्धि के साथ ही किसानों की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी की संभावना है।
सत्यापन के दौरान सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक, जिला उद्यान अधिकारी रायबरेली, प्रभारी विकासखंड, योजना प्रभारी एवं लाभार्थी कृषक नृपेंद्र प्रताप राज सिंह उपस्थित रहे।
उद्यान विभाग द्वारा बताया गया कि आधुनिक तकनीक आधारित संरक्षित खेती से जनपद में बागवानी उत्पादों की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी, जिससे किसानों को बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त होगा तथा कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।





























































