रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस मनाये जाने के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास व सादगी के साथ मनाये जाने का निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि 25 जनवरी को समस्त नगर पालिका, नगर पंचायत व ग्राम पंचायत के अन्तर्गत आने वाली मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी भवनों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक भवनों एवं मूर्तियों को प्रकाशित किया जाए। 26 जनवरी को प्रातः 8ः30 बजे समस्त शासकीय भवनों पर झंडारोहण तथा अभिवादन हो और इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ संविधान में उल्लिखित संकल्पों के स्मरण की व्यवस्था की जाए। शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रध्वज प्रातः 10ः00 बजे फहराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में निर्धारित समय के अनुसार प्रभात फेरी का आयोजन तथा सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। पुलिस लाइन में परेड का आयोजन के साथ ही तहसील, ब्लाक, गांव में भी कार्यक्रमों का आयोजन करें। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी याद किया जायें। जिलाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को सफलतापूर्वक गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जायेगा। जनपद में साफ-सफाई के साथ ही विद्युत व्यवस्था आदि को भी दुरूस्त रखने के निर्देश दिये गये हैं।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश चन्द्र मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।





























































