फिल्म ‘प्रताप’ पुलिस अधिकारी के संघर्ष, सिस्टम और मीडिया ट्रायल की कहानी

0
15

अमित साध ने दमदार अभिनय से फिल्म को मजबूती दी है, हालांकि धीमी रफ्तार और कमजोर पटकथा इसका प्रभाव घटाती है। कुछ कहानियां अपने विषय की वजह से ध्यान खींचती हैं तो कुछ अपने किरदारों के संघर्ष के कारण। निर्देशक सचिन सराफ की फिल्म ‘प्रताप’ इन दोनों पहलुओं को साथ लेकर चलती है। यह एक ऐसे पुलिस अधिकारी की कहानी है, जिसकी पहचान कभी अपराधियों के लिए खौफ का दूसरा नाम हुआ करती थी, लेकिन हालात कुछ ऐसे बदलते हैं कि उसे अपनी ही बेगुनाही साबित करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। फिल्म का आधार दिलचस्प है और इसकी कहानी पुलिस व्यवस्था, सोशल मीडिया, मीडिया ट्रायल, राजनीति तथा न्यायिक प्रक्रिया के बीच आम इंसान की स्थिति पर सवाल उठाती है।

कहानी

इस बॉलीवुड फिल्म की कहानी की शुरुआत जेल के एक तनावपूर्ण माहौल से होती है। जेल के भीतर एक कैदी का व्यवहार इतना आक्रामक है कि उसे संभालने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट जाते हैं। यह कैदी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि मुंबई पुलिस का चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे (अमित साध) है। जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) उसकी हरकतों को देखते हुए उसे अंडा सेल में भेजने का फैसला करती हैं। शुरुआत में फिल्म दर्शकों के सामने प्रताप की मौजूदा स्थिति रखती है और फिर फ्लैशबैक के जरिए उसके अतीत की परतें खोलती है। प्रताप रानाडे एक ऐसा पुलिस अधिकारी है, जिसका नाम सुनकर अपराधी सतर्क हो जाते हैं। अपने सख्त रवैये, तेज फैसलों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के कारण उसने पुलिस विभाग में अलग पहचान बनाई है। उसके लिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना सिर्फ नौकरी का हिस्सा नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी है। लेकिन एक दिन उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आता है, जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की होती।

एक रिहायशी इलाके में छिपे भगोड़े अपराधी की सूचना मिलने पर प्रताप अपनी टीम के साथ वहां पहुंचता है। कार्रवाई के दौरान अपराधी को पकड़ लिया जाता है, लेकिन इसी बीच हार्ट अटैक से उसकी मौत हो जाती है। घटनास्थल पर मौजूद एक लड़की इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लेती है। कुछ समय बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है। वीडियो का एक हिस्सा सामने आने के बाद घटनाक्रम को अलग नजरिए से देखा जाने लगता है और प्रताप पर अपराधी की हत्या करने के आरोप लगने लगते हैं।

यहां से कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचती है। जिस अधिकारी ने अपने करियर में कई अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, अब वही खुद आरोपी बनकर कानून के सामने खड़ा है। वीडियो के वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता है और प्रताप को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उसके पक्ष में मौजूद परिस्थितियां और घटनास्थल की वास्तविकता धीरे-धीरे पीछे छूटने लगती हैं। आखिरकार उसे जेल जाना पड़ता है। शुरुआत में प्रताप को भरोसा होता है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और वह जल्द ही बाहर आ जाएगा। उसे लगता है कि उसकी वर्षों की ईमानदार सेवा और पुलिस विभाग में उसकी पहचान उसके काम आएगी। लेकिन जेल की चारदीवारी के भीतर पहुंचने के बाद उसे समझ आने लगता है कि बाहर की दुनिया में उसके लिए परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अब उसके पास न वर्दी की ताकत है, न पुलिस टीम का साथ और न ही वह प्रभाव, जिसके दम पर कभी वह फैसले लिया करता था।

जेल में प्रताप को अपराधियों के बीच रहना पड़ता है। यहां उसका सामना एक अलग तरह की दुनिया से होता है, जहां ताकत और रुतबे के मायने बदल जाते हैं। उसके अतीत की पहचान और वर्तमान की बेबसी के बीच लगातार टकराव देखने को मिलता है। दूसरी तरफ इस पूरे मामले में राजनीति और सिस्टम की भूमिका भी कहानी को पेचीदा बनाती है। प्रताप को धीरे-धीरे महसूस होता है कि उसकी लड़ाई सिर्फ एक वायरल वीडियो या कानूनी आरोपों तक सीमित नहीं है। उसे उस व्यवस्था से भी लड़ना है, जिसमें सच साबित करना कई बार सच होने से ज्यादा मुश्किल हो जाता है। फिल्म की दिलचस्पी इसी सवाल में है कि क्या प्रताप अपनी बेगुनाही साबित कर पाएगा? क्या वह अपने खिलाफ बने हालात को बदल सकेगा और क्या उसे दोबारा वही सम्मान मिल पाएगा, जिसके लिए उसने पूरी जिंदगी मेहनत की है? इन सवालों के जवाब जानने के लिए फिल्म देखनी होगी।

निर्देशन

निर्देशक सचिन सराफ ने ‘प्रताप’ के लिए एक ऐसा विषय चुना है, जिसमें मनोरंजन के साथ सामाजिक और व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाने की भी गुंजाइश है। फिल्म का सबसे अच्छा पहलू यह है कि निर्देशक ने कहानी को केवल पुलिस और अपराधियों के बीच की लड़ाई तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने एक ऐसे पुलिस अधिकारी की मनोदशा को समझने की कोशिश की है, जो अचानक अपनी पहचान, प्रतिष्ठा और आत्मविश्वास खो देता है।

फिल्म का बड़ा हिस्सा जेल के भीतर घटित होता है। इस सीमित लोकेशन के बावजूद कहानी में तनाव बनाए रखने की कोशिश की गई है। प्रताप के अतीत और वर्तमान के बीच आने-जाने वाला नैरेटिव दर्शकों को उसके किरदार की परिस्थितियों को समझने में मदद करता है। निर्देशक ने एक्शन के साथ इमोशनल पहलुओं को भी जगह दी है, जिससे कहानी केवल घटनाओं का सिलसिला बनकर नहीं रह जाती। हालांकि कुछ जगह पटकथा और कहानी की गति थोड़ी धीमी पड़ती है। खासकर मध्यांतर के बाद कुछ घटनाक्रम अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाते। कुछ मोड़ों को अधिक प्रभावशाली तरीके से विकसित किया जा सकता था। इसके बावजूद फिल्म अपने मूल विषय से पूरी तरह भटकती नहीं है।

अभिनय

‘प्रताप’ का सबसे मजबूत पक्ष अमित साध हैं। उन्होंने आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे के किरदार को पूरी गंभीरता और आत्मविश्वास के साथ निभाया है। उनके अभिनय में एक तरफ वर्दी पहने अधिकारी का दबदबा नजर आता है तो दूसरी तरफ जेल में अपनी बेगुनाही और सम्मान के लिए संघर्ष करते व्यक्ति की बेबसी भी दिखाई देती है।

अमित साध की खासियत यह है कि वह किरदार के गुस्से और आक्रामकता को जरूरत से ज्यादा नाटकीय नहीं बनाते। उनके चेहरे के भाव, संवादों की अदायगी और भावनात्मक दृश्यों में सहजता किरदार को विश्वसनीय बनाती है। खासकर जेल के भीतर के दृश्यों में उनका अभिनय प्रभाव छोड़ता है। फिल्म में कई ऐसे मौके आते हैं, जहां उनकी मौजूदगी ही दृश्य का तनाव बढ़ा देती है। कुल मिलाकर अमित साध ने अपने कंधों पर फिल्म को मजबूती से संभाला है।

सीमा बिस्वास जेलर मीरा सेन के किरदार में प्रभावशाली हैं। उनका सख्त व्यक्तित्व और गंभीर अंदाज फिल्म के जेल वाले हिस्सों को विश्वसनीय बनाता है। वह अपने अनुभव से छोटे से किरदार में भी जरूरी वजन पैदा करती हैं। तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी अपने-अपने किरदारों में सहज नजर आते हैं। दोनों कलाकारों की स्क्रीन प्रेजेंस कहानी को मजबूती देती है। ईशा देओल का अभिनय ठीक-ठाक है। उन्हें अपने किरदार में कुछ और गहराई दिखाने का मौका मिलता तो उनका प्रदर्शन बेहतर हो सकता था। दुष्यंत वाघ समेत अन्य सहायक कलाकार भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय करते हैं।

तकनीकी पक्ष

तकनीकी मोर्चे पर फिल्म का काम संतोषजनक है। सिनेमैटोग्राफर अनिल अक्की ने जेल के सीमित और उदास माहौल को कैमरे के जरिए प्रभावी ढंग से दिखाया है। दृश्यों में इस्तेमाल किए गए फ्रेम और कैमरा मूवमेंट किरदारों की बेचैनी और तनाव को उभारने में मदद करते हैं। खासकर जेल के भीतर की परिस्थितियों को दिखाने में सिनेमैटोग्राफी कहानी के मूड के साथ तालमेल बिठाती है। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक कई महत्वपूर्ण दृश्यों में तनाव और गंभीरता बढ़ाता है। यह कहानी पर हावी होने के बजाय उसके भावनात्मक प्रभाव को मजबूत करने का काम करता है। एडिटिंग भी अधिकांश हिस्सों में ठीक है, हालांकि कुछ दृश्यों को थोड़ा छोटा किया जाता तो फिल्म की गति बेहतर हो सकती थी। फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन भी इसके यथार्थवादी माहौल को बनाए रखने में मदद करता है।

क्या रहा अच्छा, क्या कर सकता था बेहतर?

फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसका विषय और अमित साध का दमदार अभिनय है। एक पुलिस अधिकारी की ताकत से लेकर उसकी बेबसी तक का सफर दिलचस्प है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो, अधूरी जानकारी के आधार पर बनने वाली राय और मीडिया ट्रायल जैसे मुद्दे कहानी को आज के दौर से जोड़ते हैं। सीमा बिस्वास सहित अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी भी फिल्म को मजबूती देती है।

वहीं फिल्म की कमजोर कड़ी इसकी कुछ धीमी गति और पटकथा की असमानता है। कुछ घटनाओं को अधिक विस्तार और बेहतर तरीके से विकसित किया जा सकता था। कहानी में मौजूद राजनीतिक और सिस्टम से जुड़े पहलुओं को भी थोड़ी और गहराई मिलती तो फिल्म का प्रभाव बढ़ सकता था। कुछ मोड़ों का अंदाजा पहले ही लग जाता है, जिससे थ्रिलर वाला रोमांच थोड़ा कम हो जाता है।

देखें या नहीं?

कुल मिलाकर ‘प्रताप’ एक गंभीर विषय पर बनी ऐसी फिल्म है, जो एक पुलिस अधिकारी के संघर्ष के बहाने व्यवस्था, न्याय और सोशल मीडिया की ताकत पर सवाल उठाती है। फिल्म हर मोर्चे पर शानदार नहीं है और इसकी पटकथा में कुछ कमियां भी हैं, लेकिन इसका विषय, भावनात्मक पहलू और कलाकारों का अभिनय इसे देखने लायक बनाते हैं। अमित साध का दमदार प्रदर्शन फिल्म की सबसे बड़ी वजह है। अगर आपको पुलिस ड्रामा, जेल की दुनिया, सिस्टम के खिलाफ संघर्ष और गंभीर सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में पसंद हैं, तो ‘प्रताप’ आपको निराश नहीं करेगी। हालांकि, बहुत तेज रफ्तार और लगातार चौंकाने वाले ट्विस्ट की उम्मीद लेकर जाएंगे तो कुछ हिस्से धीमे लग सकते हैं।

LEAVE A REPLY