यशस्वी जायसवाल ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में अपने 800 रन पूरे कर लिए

0
45

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच जारी है। न्यूजीलैंड की पहली पारी समाप्त हो गई है। हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के शतकों की बदौलत टीम ने बड़ा स्कोर करने में कामयाबी हासिल की है। अब भारत की बैटिंग चल रही है। इस बीच जैसे ही भारत की बल्लेबाजी शुरू हुई और ओपनिंग जोड़ी मैदान पर आई, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने ही साथी रवींद्र जडेजा को पीछे कर दिया और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकल में 800 से अधिक रन भी बना दिए। 

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने जायसवाल

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकल यानी 2025-27 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तो इंग्लैंड के जो रूट हैं, जिन्होंने 1272 रन बनाए हैं। लेकिन अगर टीम इंडिया की बात करें तो भारत के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान शुभमन गिल ने बनाए हैं। उन्होंने अब तक 11 मैच खेलकर 1024 रन बनाए हैं। हालांकि वे इस मैच में खेल रहे हैं, इसलिए हो सकता है कि इसमें जल्द ही बढ़ोत्तरी भी हो जाए। इस मैच से पहले तक भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में यशस्वी जायसवाल चौथे नंबर पर थे, लेकिन अब वे तीसरे पर आ गए हैं। वैसे तो दोनों के रन बराबर थे, लेकिन जडेजा को औसत जायसवाल से ज्यादा है, इसलिए वे तीसरे पर थे, लेकिन अब जायसवाल तीसरे पर आ गए हैं। 

जायसवाल ने इस साइकल में पूरे कर लिए अपने 800 रन

भारतीय टीम जब न्यूजीलैंड के खिलाफ बैटिंग के लिए उतरी तो पहले चार ओवर में टीम ने एक भी रन नहीं बनाया, पांचवें ओवर में यशस्वी जायसवाल ने चौका लगाकर अपना और टीम का खाता खोला और जडेजा से भी आगे निकल गए। जायसवाल के अब इस साइकल के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 800 से अधिक रन हो गए हैं। वे अभी 12वां मैच खेल रहे हैं, उनके नाम तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस मैच में उनके बल्ले से एक बड़ी पारी आएगी, ताकि न्यूजीलैंड के स्कोर का पीछा किया जा सके। 

हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने लगाई शानदार सेंचुरी

इससे पहले मैच के दूसरे दिन न्यूजीलैंड की पारी समाप्त हो गई। टीम ने अपने सारे विकेट खोकर 368 रन बनाए हैं। हेनरी निकोल्स ने 335 बॉल खेलकर 175 रनों की पारी खेली। वे तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आए और आखिर तक नाबाद रहे। वहीं दूसरी ओर ग्लेन फिलिप्स ने 216 बॉल पर 118 रनों की अहम पारी खेली। वे एक ही साल में तीनों फॉर्मेट में भारत के खिलाफ सेंचुरी लगाने वाले पहले और अकेले खिलाड़ी भी बन गए हैं। हालांकि इन दो के अलावा बाकी और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। अब सभी की नजर टीम इंडिया की बैटिंग पर है कि वे कितने रन बनाने में कामयाब होती है। 

LEAVE A REPLY