चक्रधरपुर: झांसे में लेकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

0
4

चक्रधरपुर (झारखंड)। चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री परिसर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक शादीशुदा युवक द्वारा नाबालिग लड़की को अपने झांसे और भरोसे में लेकर अलग-अलग स्थानों पर घुमाने तथा उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर मुख्य नामजद आरोपी पिक्लू प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, जांच में खुला राज

सोमवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन परिसर में नाबालिग के साथ मारपीट होने की सूचना आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) को मिली थी। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को अपनी सुरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान पीड़िता काफी डरी-सहमी थी। जब पुलिस ने उससे गहनता से पूछताछ की, तो कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का खौफनाक सच सामने आया।

शादीशुदा युवक ने दिया झांसा, दोस्तों पर भी आरोप

पीड़िता ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि चक्रधरपुर के जोड़ों गांव का रहने वाला पिक्लू प्रधान उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर घुमाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान मुख्य आरोपी पिक्लू प्रधान तथा उसके अन्य दोस्तों ने मिलकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। ​RPF और GRP ने दिखाई संवेदनशीलता, महिला थाना के सुपुर्द किया

पूछताछ में जब नाबालिग ने बताया कि वह काफी समय से भूखी है, तो आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पहले उसे भरपेट भोजन कराया। इसके बाद सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे चक्रधरपुर महिला थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी पिक्लू प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले में शामिल अन्य युवकों और घटनास्थल बने ठिकानों की गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY