एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया-ए और नेपाल के बीच भिड़ंत हुई। इंडिया-ए ने नेपाल को 306 रनों से भी ज्यादा बड़े अंतर से हराते हुए अपने अभियान का शानदार अंदाज में आगाज किया। भारतीय गेंदबाजों ने नेपाल को 26 रन पर ढेर कर दिया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में 5वां सबसे कम स्कोर है।
इससे पहले नेपाल की टीम ने टॉस जीतकर इंडिया-ए को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। इंडिया-ए की टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह जैसे धाकड़ बल्लेबाज शामिल हैं। हालांकि, नेपाल की गेंदबाजी के आगे अभिषेक और वैभव की सलामी जोड़ी फ्लॉप रही। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने कुमार कुशाग्र के साथ मोर्चा संभाला और भारतीय टीम का स्कोर 332/9 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। तिलक और कुमार दोनों ने शानदार शतक जड़े। तिलक वर्मा ने 107 और कुमार कुशाग्र ने 117 रनों की पारी खेली।
इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बराबर-बराबर बांटा गया है। इनमें पांच फुल मेंबर नेशन की A टीमें शामिल हैं, जबकि बाकी तीन टीमें एसोसिएट मेंबर देशों की हैं। इंडिया A को नेपाल, पाकिस्तान A और UAE के साथ ग्रुप B में रखा गया है। भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान A का सामना करेगी। वहीं, मंगलवार को UAE की चुनौती का सामना करेगी।



























































