रामायण’ की बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड ब्रेक कमाई का दौर जारी

0
39

रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म को रिलीज हुए 18 दिन हो गए हैं और अब ये भारत में 1000 करोड़ क्लब में एंट्री को तैयार है और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1700 करोड़ के बेहद नजदीक पहुंच गई है।

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ‘रामायण’ को रिलीज हुए 18 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब भी इसकी धुआंधार कमाई जारी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणः पार्ट 1’ दिवाली से पहले 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब तक ये फिल्म कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। खास बात तो ये है कि रिलीज के तीसरे हफ्ते भी ये फिल्म लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों की तरफ खींच रही है। रिलीज के 17वें दिन, शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 27.65 करोड़ का कलेक्शन किया था और अब फिल्म के 18वें दिन की कमाई के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। तो चलिए जानते हैं, 18वें दिन ‘रामायणः राइज ऑफ ए लेजेंड’ ने कितना कलेक्शन किया।

‘रामायण’ का 18वें दिन का कलेक्शन

‘रामायण’ के तीसरे वीकेंड के कलेक्शन की बात करें तो नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 18वें दिन 35.60 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। ‘रामायण’ अपनी रिलीज के 18वें दिन 16,277 शोज के जरिए रविवार को 35.60 करोड़ की नेट कमाई की है, जिसमें सबसे ज्यादा योगदान हिंदी भाषा में रहा। हिंदी में इस फिल्म ने 18वें दिन 26.25 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं अन्य भाषाओं की बात करें तो कन्नड़ में इसने 2.50 करोड़, तमिल में 628 शो से 2.40 करोड़ और तेलुगु में 455 शो से 1.05 करोड़ की कमाई हुई। इसके साथ ही, भारत में अब फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,126.50 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन 942.75 करोड़ हो गया है।

‘रामायण’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन

रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इस मामले में ये 1700 करोड़ के आंकड़े से महज इंच भर दूर है, जिसके सोमवार की कमाई के साथ पूरे होने की पूरी संभावना है। विदेशों में फिल्म कुल 567.00 करोड़ की कमाई कर चुकी है, जिससे इसका दुनिया भर में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,651 करोड़ हो गया है। यानी अब इसे 1700 करोड़ क्लब में एंट्री मारने के लिए महज 6.50 करोड़ और कमाने हैं।

‘धुरंधर 2’ को छोड़ा पीछे

18वें दिन 35.60 करोड़ का कलेक्शन करते हुए इसने 2026 की ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर 2’ और अल्लू अर्जुन स्टारर ‘पुष्पा 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है और एक नया रिकॉर्ड बना लिया है। रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधरः द रिवेंज’ ने अपनी रिलीज के 18वें दिन 26.75 करोड़ का कलेक्शन किया था और ‘पुष्पा 2: द रूल’ इस मामले में और भी आगे थी। इसने 18वें दिन 32.95 करोड़ ही कमाई की थी। लेकिन अब 35.60 करोड़ के कलेक्शन के साथ 18वें दिन की कमाई के मामले में धुरंधर 2 और पुष्पा 2 को पीछे छोड़ते हुए टॉप पर अपनी जगह बना चुकी है।

LEAVE A REPLY