स्वास्थ्य संबंधी कारणों से ब्रेक लेने के बाद अलका याग्निक फिर से मंच पर वापसी करने जा रही

0
10

सुभाष घई ने उनके साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए, यह अपडेट फैंस को दी है।

दिग्गज गायिका अलका याग्निक स्वास्थ्य कारणों से सार्वजनिक कार्यक्रमों और प्रोफेशनल लाइफ से कुछ समय का ब्रेक लेने के बाद अब मंच पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने फिल्म निर्माता सुभाष घई के अपकमिंग म्यूजिकल कॉन्सर्ट ‘क्या जमाना था’ में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। यह कॉन्सर्ट सिनेमा में सुभाष घई के 50 साल पूरे होने के जश्न के रूप में आयोजित किया जा रहा है। मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन में 11 दिसंबर को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सुभाष घई खुद अलका याग्निक के घर गए और उन्हें इस जश्न में शामिल होने का न्योता दिया। गायिका ने खुशी से उनका न्योता स्वीकार कर लिया, जिससे फिल्म निर्माता और कार्यक्रम से जुड़े सभी लोग बेहद खुश हैं।

अलका याग्निक की वापसी से खुश हुए सुभाष घई

सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर अपनी मुलाकात की एक झलक शेयर की और अलका की वापसी पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, ‘अलका याग्निक की वापसी! उनकी आवाज, उनका तेज, उनका उत्साह, जब मैं कल रात उन्हें अपने घर पर 11 दिसंबर को जियो गार्डन में होने वाले म्यूजिकल कॉन्सर्ट के लिए आमंत्रित करने गया तो मैंने यह सब गहराई से महसूस किया।’

सुभाष घई म्यूजिकल कॉन्सर्ट में शामिल होंगी अलका याग्निक

गायिका ने उनके निमंत्रण पर कैसी प्रतिक्रिया दी, इस बारे में बताते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘वह खड़ी हुईं, मुस्कुराईं और बोलीं- मैं जरूर आऊंगी। उन्होंने हम सभी के चेहरों पर खुशी ला दी। यही तो अलका याग्निक हैं। आप हमेशा खुश रहें।’ अलका याग्निक और सुभाष घई का एक लंबा संगीतमय जुड़ाव रहा है। गायिका ने उनकी फिल्मों – जैसे ‘खलनायक’, ‘ताल’, ‘परदेस’ और ‘यादें’ में कई यादगार गानों को अपनी आवाज दी है। इस कॉन्सर्ट में उनका शामिल होना इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके जरिए वे एक लंबे ब्रेक के बाद स्टेज पर वापसी कर रही हैं।

स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहीं अलका याग्निक

अलका याग्निक ‘सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस’ से जूझ रही हैं, जो अचानक हुए एक वायरल अटैक के कारण हुआ है। उन्होंने 2024 में पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी इस बीमारी के बारे में बात की। कुछ महीने पहले NDTV को दिए एक इंटरव्यू में गायिका ने बताया कि वे अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई हैं और उन्हें अब भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी सेहत का असर उनके काम पर भी पड़ा है, जिसकी वजह से उनके लिए नए सिंगिंग प्रोजेक्ट्स लेना मुश्किल हो गया है। उन्हें मिलने वाले काम के प्रस्तावों के बारे में बात करते हुए, अलका ने इंटरव्यू में कहा, ‘संगीतकार अक्सर मुझसे संपर्क करते हैं, लेकिन मैं काम नहीं कर पा रही हूं।’

सुभाष घई के ‘क्या जमाना था’ कॉन्सर्ट के बारे में

‘क्या जमाना था’ कॉन्सर्ट सिनेमा में सुभाष घई के 50 साल के सफर का जश्न मनाएगा। इसमें उनकी फिल्मों से जुड़े कई गायक एक साथ नजर आएंगे। इस संगीतमय शाम में 70 सदस्यों वाला एक ऑर्केस्ट्रा होगा, जहां संगीतकार मिथुन, फिल्म निर्माता के कुछ सबसे यादगार गानों को नए और आधुनिक अंदाज में पेश करेंगे।

LEAVE A REPLY