साल 2027 में दुनिया में क्या-क्या बदलने वाला

0
50

ट्रंप के बाद का अमेरिका, ईरान युद्ध का असर, ताइवान पर चीन की नजर, साल 2027 दुनिया के लिए कई बड़े बदलाव और चुनौतियां लेकर आ सकता है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के बाद के दौर की चर्चा तेज होगी तो ईरान जंग का असर वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई दे सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ती चिंताएं, जलवायु परिवर्तन, ताइवान पर चीन की रणनीति और अंतरिक्ष में कारोबार की नई संभावनाएं भी सुर्खियों में रहेंगी।

साल 2027 दुनिया के लिए कई बड़े बदलाव और चुनौतियां लेकर आ सकता है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के बाद के दौर की चर्चा तेज होगी तो ईरान जंग का असर वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई दे सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ती चिंताएं, जलवायु परिवर्तन, ताइवान पर चीन की रणनीति और अंतरिक्ष में कारोबार की नई संभावनाएं भी सुर्खियों में रहेंगी।

द इकोनॉमिस्ट के ‘द वर्ल्ड अहेड 2027’ के संपादक टॉम स्टैंडेज ने आने वाले साल के लिए ऐसे ही 10 अहम रुझानों की ओर इशारा किया है। स्टैंडेज के मुताबिक, आधुनिक दुनिया तेजी से किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसी होती जा रही है। अंतरिक्ष में कंप्यूटर लगाने की योजना बनाने वाले रॉकेट कारोबारी दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन चुके हैं। ड्रोन ने युद्ध लड़ने का तरीका बदल दिया है, टैक्सियां खुद चल रही हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मॉडल अप्रत्याशित व्यवहार कर रहे हैं। इंसानों जैसे दिखने वाले रोबोट भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में 2027 में दुनिया की दिशा तय करने वाले ये 10 घटनाक्रम खास नजर रखेंगे।

1. ट्रंप के बाद के दौर की शुरुआत

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद डोनाल्ड ट्रंप के उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, टॉम स्टैंडेज का मानना है कि ट्रंप को अभी कमजोर पड़ता हुआ राष्ट्रपति मानना जल्दबाजी होगी। वह अपनी राजनीतिक पकड़ और विरासत को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय रह सकते हैं।

इस दौरान नए कार्यकारी आदेश, कानूनी विवाद, इमारतों के नाम बदलने, बड़ी निर्माण परियोजनाओं और सैन्य अभियानों जैसे कदम देखने को मिल सकते हैं। दूसरी ओर, दुनिया यह भी समझने की कोशिश करेगी कि ट्रंप के बाद अमेरिका की राजनीति और विदेश नीति कैसी होगी।

2. ईरान संघर्ष के दूरगामी असर

ईरान के साथ संघर्ष का कोई स्पष्ट और स्थायी समाधान जल्द निकलता नहीं दिख रहा है। ऐसे में 2027 में भी इससे जुड़ी अनिश्चितता बनी रह सकती है। ट्रंप के इस युद्ध ने वैश्विक स्तर पर अमेरिका की स्थिति को कमजोर किया है। उसके सहयोगी देशों का भरोसा घटा है, जबकि विरोधियों के मन में उसका डर भी पहले जैसा नहीं रहा। इस संघर्ष का असर पश्चिम एशिया की राजनीति के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। फूड सिक्योरिटी के लिए भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि उर्वरकों की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, ईरान के भीतर मौजूदा शासन अपनी पकड़ और मजबूत कर सकता है।

3. लगातार दूसरा सबसे गर्म साल बनने की आशंका

2027 में तापमान नया रिकॉर्ड बना सकता है। इकोनॉमिस्ट के मुताबिक, सुपर अल नीनो की स्थिति दुनिया को आने वाले ज्यादा गर्म और अस्थिर मौसम की झलक दिखा सकती है। इसका असर सूखे, भीषण गर्मी, जंगलों में आग और चरम मौसमी घटनाओं के रूप में सामने आ सकता है। उत्सर्जन में तेजी से कटौती नहीं हुई तो हालात और मुश्किल हो सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि लेख में ट्रंप को अनजाने में अक्षय ऊर्जा का बड़ा प्रचारक बताया गया है। इसकी वजह यह है कि नवीकरणीय ऊर्जा सिर्फ जलवायु परिवर्तन से निपटने का माध्यम नहीं है, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव से बचने का रास्ता भी बन सकती है।

4. AI के खिलाफ बढ़ेगी नाराजगी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर दुनिया में बहस और तेज हो सकती है। AI कंपनियों के जटिल वित्तीय सौदों और बढ़ते कर्ज के कारण बाजार में संभावित संकट का खतरा बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा, ज्यादा सक्षम AI मॉडल साइबर हमलों को और गंभीर बना सकते हैं। सरकारों और कंपनियों को AI की सप्लाई चेन से जुड़े राजनीतिक जोखिमों की भी चिंता रहेगी।

हालांकि, स्टैंडेज का एक अहम तर्क यह है कि AI से नौकरियां जाने और डेटा सेंटरों में बिजली-पानी की खपत बढ़ने को लेकर जताई जा रही चिंताओं को उपलब्ध आंकड़ों से समर्थन नहीं मिलता। उनके मुताबिक, AI का विरोध वास्तविक प्रभावों से ज्यादा उन आशंकाओं से पैदा हो रहा है, जिन्हें लेकर लोगों के मन में डर है।

5. फ्रांस में दक्षिणपंथी राजनीति को मिल सकती है मजबूती

दुनिया के कई हिस्सों में दक्षिणपंथी लोकलुभावन राजनीति का प्रभाव बढ़ रहा है। 2027 में इस पर खास नजर फ्रांस में रहेगी। दक्षिणपंथी नेशनल रैली की नेता मरीन ले पेन के पास राष्ट्रपति चुनाव जीतने का अच्छा मौका हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यूरोपीय संघ की राजनीति पर बड़ा असर पड़ेगा।

फ्रांस और जर्मनी यूरोपीय संघ की नीतियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में फ्रांस में राजनीतिक बदलाव दोनों देशों के बीच सहयोग को प्रभावित कर सकता है। साथ ही फ्रांस की पहले से दबाव में चल रही सरकारी वित्तीय स्थिति को लेकर भी चिंताएं बढ़ सकती हैं।

6. सरकारों पर बढ़ेगा कर्ज और बॉन्ड बाजार का दबाव

2027 में अमीर देशों की सरकारों के लिए कर्ज जुटाना महंगा हो सकता है। इसके पीछे सरकारी खर्च, AI के लिए बड़े पैमाने पर निर्माण गतिविधियां और ऊर्जा की ऊंची कीमतों से दोबारा बढ़ने वाली महंगाई जैसे कारण होंगे।

बॉन्ड बाजार में बढ़ता दबाव सरकारों की उधारी लागत को ऊपर ले जा सकता है। ऊंची ब्याज दरों का असर सिर्फ सरकारों तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनियों और आम परिवारों पर भी इसका वित्तीय दबाव बढ़ेगा। स्टैंडेज के मुताबिक, यह स्थिति हमेशा जारी नहीं रह सकती। कहीं न कहीं इसका कोई बड़ा नतीजा सामने आ सकता है।

7. ताइवान को लेकर चीन के अगले कदम पर नजर

यूक्रेन और ईरान के संघर्षों ने दिखाया है कि नई तकनीक ने युद्ध की प्रकृति बदल दी है। अब छोटे देश भी बड़ी सैन्य ताकतों का मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम हो सकते हैं। ऐसे में चीन की ताइवान को लेकर रणनीति पर दुनिया की नजर रहेगी। शी जिनपिंग ने कथित तौर पर चीनी सेना को 2027 तक ताइवान पर कब्जा करने के लिए तैयार रहने का लक्ष्य दिया है।

दूसरी ओर, अमेरिका का ध्यान फिलहाल दूसरे मुद्दों पर बंटा हुआ है। ऐसे में सवाल है कि क्या चीन 2027 में ताइवान को लेकर कोई कदम उठाएगा या फिर 2028 में होने वाले वहां के चुनावों के नतीजों का इंतजार करेगा? आने वाले दो साल इस लिहाज से बेहद संवेदनशील हो सकते हैं।

8. वजन घटाने वाली दवाओं से बदलेगा बाजार

वजन कम करने वाली दवाएं सिर्फ लोगों की सेहत और जीवनशैली ही नहीं, बल्कि उनके खरीदारी के व्यवहार को भी बदल रही हैं। इन दवाओं की मदद से वजन घटाने वाले लोग नई जिंदगी मिलने जैसा महसूस कर रहे हैं। इसके बाद वे कपड़ों, कॉस्मेटिक्स और फिटनेस से जुड़ी चीजों पर ज्यादा खर्च कर रहे हैं। इस व्यवहार को ‘रिवेंज शॉपिंग’ कहा गया है। इन दवाओं की सफलता से दवा कंपनियों की दिलचस्पी उम्र बढ़ाने और लंबे समय तक स्वस्थ रहने में मदद करने वाली थैरेपी विकसित करने में भी बढ़ी है।

9. अंतरिक्ष में सैटेलाइट लॉन्च करना होगा सस्ता

2027 में अंतरिक्ष कारोबार के लिए भी नई संभावनाएं खुल सकती हैं। स्पेसएक्स का विशाल स्टारशिप नियमित रूप से सैटेलाइट लॉन्च करना शुरू कर सकता है। वहीं, चीन की रॉकेट कंपनियां भी बूस्टर को दोबारा इस्तेमाल करने की तकनीक का प्रदर्शन कर सकती हैं। रॉकेट लॉन्च की लागत घटने से निजी अंतरिक्ष स्टेशन बनाने का रास्ता आसान हो सकता है। इसके साथ ही अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने की संभावना भी मजबूत हो सकती है। जो विचार अभी अजीब लगता है, वह आने वाले समय में हकीकत बन सकता है।

10. हॉलीवुड में पुरानी फ्रेंचाइजी की वापसी

2027 में हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों और फ्रेंचाइजी पर भी नजर रहेगी। ‘स्टार वॉर्स’ की रिलीज के 50 साल पूरे होने पर इसे दोबारा रिलीज किया जाएगा और इस फ्रेंचाइजी को नए सिरे से शुरू करने की कोशिश भी होगी। एवेंजर्स की वापसी होगी और जेम्स बॉन्ड की एक नई फिल्म भी आने वाली है।

हालांकि, सवाल यह है कि क्या दर्शक बार-बार पुरानी कहानियां देखना चाहते हैं? यूट्यूबर्स की कम बजट वाली फिल्मों की सफलता ने इस बहस को और दिलचस्प बना दिया है। स्टैंडेज का मानना है कि ‘स्टार वॉर्स’ की कहानी 2027 में पहले से ज्यादा प्रासंगिक हो सकती है। इसमें एक सैन्य महाशक्ति को छोटे और सस्ते हथियारों से चुनौती मिलती दिखाई गई है। इसके अलावा, अपने एजेंडे के मुताबिक काम करने वाले ड्रॉइड और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था के कारण डेटा चोरी होने जैसे मुद्दे भी आज की दुनिया से जुड़ते हैं।

साइंस फिक्शन जैसी होती जा रही है दुनिया

टॉम स्टैंडेज का कहा है कि अब वास्तविक दुनिया और साइंस फिक्शन के बीच का अंतर तेजी से कम होता जा रहा है। अंतरिक्ष, तकनीक, राजनीति, अर्थव्यवस्था और जलवायु से जुड़े बदलाव आने वाले समय को और अनिश्चित बना रहे हैं। 2027 में ये दस रुझान दुनिया की दिशा और दशा को प्रभावित कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY