अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा पिंडली में खिंचाव के कारण बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए

0
15

साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त तो बना ली, लेकिन अब टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान टेम्बा बावुमा चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। जोहान्सबर्ग में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान उनके दाएं पैर की पिंडली में खिंचाव आ गया था। ऐसे में दूसरे मुकाबले में उनकी जगह टीम की कप्तानी एडेन मारक्रम संभाल सकते हैं।

बावुमा को यह चोट वांडरर्स मैदान पर पहली पारी में बल्लेबाजी करते समय लगी थी। उस समय वह 49 रन बनाकर खेल रहे थे। चोट के बाद उन्हें मैदान पर ही ट्रीटमेंट दिया गया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा। हालांकि, साउथ अफ्रीका के 8 विकेट गिरने के बाद वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने कगिसो रबाडा और डेन पैटरसन के साथ साझेदारी करते हुए अपने स्कोर में 19 रन और जोड़े। लेकिन इसके बाद वह बांग्लादेश की दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरे। साउथ अफ्रीका ने यह मुकाबला 9 विकेट से जीतकर दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के साथ टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में भी पहले स्थान पर पहुंच गई।

कौन लेगा बावुमा की जगह?

बावुमा की गैरमौजूदगी में एडेन मारक्रम के टीम की कप्तानी करने की उम्मीद है। हालांकि, साउथ अफ्रीका को नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए भी नए खिलाड़ी की तलाश करनी होगी। टोनी डी जॉर्जी टीम में रिजर्व बल्लेबाज के तौर पर मौजूद हैं और उन्हें सीधे इस स्थान पर मौका मिल सकता है। इसके अलावा साउथ अफ्रीका 20 नवंबर को एक और खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकती है। टेस्ट टीम में जगह पाने की दौड़ में सिनेथेम्बा किशिले, जॉर्डन हरमन और डेविड बेडिंगहम के नाम भी शामिल हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज तक फिट होना मुश्किल

बावुमा की चोट से उबरने में कितना समय लगेगा, फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने भी कहा है कि अभी उनकी मेडिकल टीम के साथ पूरी चर्चा नहीं हुई है। बावुमा ने मैच के बाद कहा कि इस स्थिति में खुद को पाकर निराश हूं। हालांकि, यह उनके खेल का एक हिस्सा बन गया है। वह मेडिकल टीम की निगरानी में अपनी चोट का इलाज और देखभाल जारी रखेंगे। साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट 17 दिसंबर से शुरू होना है।

LEAVE A REPLY