बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति से ब्रेक लिया था। उन्होंने ये ब्रेक अपनी तबीयत के चलते लिया था। अब एक्टर कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर वापस आ गए हैं। शो के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन ने बताया कि अब उनकी तबीयत कैसी है। शो का नया एपिसोड 16 नवंबर को टेलीकास्ट किया जाएगा।
कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर लौटे अमिताभ बच्चन
कौन बनेगा करोड़पति के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन को सेट पर एंट्री लेते देखा जा सकता है। इस दौरान एक कंटेस्टेंट उनसे पूछता है कि अब उनकी तबीयत कैसी है? कंटेस्टेंट कहता है, ‘आपकी तबीयत ठीक नहीं थी। अब आप कैसे हैं सर?’ इस सवाल का जवाब अमिताभ बच्चन अपने स्टाइल में देते हैं। वो कहते हैं, ‘आप कैसे हैं (कंटेस्टेंट से)’? कंटेस्टेंट जवाब देता है- मैं ठीक हूं। इसके बाद अमिताभ कहते हैं, ‘अगर आप ठीक हैं तो मैं भी ठीक हूं।’
कब आएगा कौन बनेगा करोड़पति का नया एपिसोड?
इसके बाद अमिताभ बच्चन कहते हैं, ‘आप सबके प्यार, दुआ और आशीर्वाद से हम यहां पर फिर से हाजिर हैं।’ इस प्रोमो वीडियो के साथ सोनी लिव ने कन्फर्म किया है कि शो का नया एपिसोड 16 नवंबर को आएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो अमिताभ बच्चन को सीजनल फ्लू हुआ था जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ा और उन्हें ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग से कुछ समय के लिए ब्रेक लेना पड़ा।
अमिताभ बच्चन को लिखने में हो रही थी दिक्कत
बता दें, दिवाली के मौके पर भी अमिताभ बच्चन ने फैंस को बधाई दी थी। अमिताभ बच्चन ने सबको दिवाली की बधाई देते हुए लिखा था- चतुर्दशी की शुभकामनाएं। उन्होंने बताया कि इस मौके पर उन्हें फैंस की तरफ से बधाई और गिफ्ट लगातार मिल रहे हैं। इतने गिफ्ट हो जाते हैं कि जगह कम पड़ जाती है और अगर इन गिफ्ट्स को सही तरह से नहीं रखा जाए तो उसका अपमान होता है। इसलिए आप सभी के प्यार के लिए शुक्रिया। उन्होंने लिखा कि वो सभी को अपने हाथ से लेटर लिखकर शुक्रिया कहना चाहते हैं लेकिन उन्हें हाथ से लिखने में दिक्कतें आ रही हैं। एक्टर ने इसके लिए बधाई और गिफ्ट भेजने वाले फैंस से माफी मांगी है।
साल 2000 में आया था कौन बनेगा करोड़पति का पहला सीजन
अमिताभ बच्चन और उनकी कौन बनेगा करोड़पति की यात्रा के बारे में बात करें तो साल 2000 में अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति का पहला सीजन होस्ट किया था। फिल्मों में काम की कमी और अपनी कंपनी ABCL के भारी कर्ज के चलते अमिताभ बच्चन ने यह शो करने का फैसला किया था। शो का सीजन 2 भी अमिताभ बच्चन ने ही होस्ट किया था। लेकिन सीजन 3 को अमिताभ बच्चन ने होस्ट करने से मना कर दिया था। इसके बाद, सीजन 3 को किंग खान यानी शाहरुख खान ने होस्ट किया था। शो का सीजन 3 साल 2007 में आया था। इसके बाद शो का चौथा सीजन साल 2010 में प्रसारित हुआ था।




























































