रायबरेली : अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है और फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही अब 14 नवंबर को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।
अफगानिस्तान ने दिया था 228 रनों का लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से शाह फैसल रहिमी और नोमान सलारजई ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत की तरफ से गेंदबाजी में ईशान धीरज सूद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जिससे भारतीय गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में विपक्षी टीम पर शिकंजा कसे रखा।
भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन, कप्तान लक्ष्या का शतक चुका चूका
जवाब में 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम ने बेहद आक्रामक और सधी हुई शुरुआत की। कप्तान और सलामी बल्लेबाज लक्ष्या रैचंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 93 रनों की बेहतरीन पारी खेली और अपने शतक के करीब पहुँचकर आउट हुए। उनके साथ ओपनिंग करने उतरे वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने भी एक बार फिर शानदार फॉर्म दिखाते हुए 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
इसके बाद वी.के. विनीत ने नाबाद 57 रनों की पारी खेलकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारतीय टीम ने मात्र 36.5 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब पाकिस्तान से होगा महामुकाबला
इस जीत के साथ ही भारत ने फाइनल का टिकट कटा लिया है, जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा। ग्रुप चरण में पाकिस्तान से मिली हार का बदला लेने और एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम करने के लिए भारतीय युवा टीम पूरी तरह तैयार है।



























































