रायबरेली में बड़ी वारदात: बारात जा रही बोलेरो पर दबंगों का हमला, तोड़फोड़ और महिलाओं से अभद्रता से इलाके में दहशत 

0
41

​ऊँचाहार (रायबरेली): क्षेत्र के अपटा नहर के पास दिनदहाड़े बेखौफ दबंगों द्वारा एक बोलेरो में तोड़फोड़ करने और उस पर बैठी महिला बारतियों के साथ अभद्रता करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

​खऱौली ग्राम पंचायत के प्रधान गंगा विसुन यादव ने ऊँचाहार कोतवाली में गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे शिकायती पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनकी ग्राम सभा के मजरे पूरे प्रसाद गांव से बारात लेकर एक बोलेरो बिंदागंज जा रही थी। जैसे ही वाहन अपटा नहर के पास पहुँचा, तभी आरोप है कि गदागंज थाना क्षेत्र के रजवापुर गांव निवासी एक व्यक्ति समेत करीब एक दर्जन लोगों ने रास्ते में उसे घेर लिया।

​दबंगों ने अचानक बोलेरो को रोककर उसमें जमकर तोड़फोड़ की और वाहन पर सवार महिला बारतियों के साथ अभद्रता भी की। इस अप्रत्याशित हमले से बारतियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

​घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। इस संबंध में कोतवाल मनबोध तिवारी का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

LEAVE A REPLY