रायबरेली : उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय ने बताया है कि कृषि विभाग रायबरेली द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के 36 कृषक युवाओं को स्किल ट्रेनिंग ऑफ रूरल यूथ का 25 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन उज्जवल सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा 10 सितम्बर 2026 से 04 अक्टूबर 2026 तक क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, रायबरेली में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विविधीकरण, मिलेट्स, प्राकृतिक खेती, पराली प्रबंधन, फल संरक्षण, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन, वित्तीय समावेशन सहित कृषि एवं उससे संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके) के वैज्ञानिकों, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग के अधिकारियों, विषय विशेषज्ञों एवं प्रगतिशील कृषकों द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय एवं संस्था के सचिव विजय त्रिवेदी द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।






























































