जिसमें भारत की ओर से राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ है इस्लामाबाद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के राष्ट्रीय समन्वयकों की तीन दिवसीय बैठक चल रही है. बैठक का मुख्य उद्देश्य अगले साल होने वाले SCO राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की तैयारियों को आगे बढ़ाना और सदस्य देशों के बीच सहयोग व समन्वय को मजबूत करना है. भारत भी इस बैठक में हिस्सा ले रहा है. भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी कर रहे हैं. यह यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले साल हुए संक्षिप्त संघर्ष के बाद इस तरह की पहली भारतीय यात्रा है.
पाकिस्तान की अध्यक्षता में हो रही बैठक
बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान के राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद फैसल कर रहे हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 28 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में SCO सहयोग और समन्वय से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. इनमें पाकिस्तान की अध्यक्षता के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, आगामी SCO बैठकों और कार्यक्रमों की तैयारियां तथा संगठन के एजेंडे से जुड़े अन्य विषय शामिल हैं.
SCO में रूस, भारत, ईरान, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस और चीन शामिल हैं.
2027 में इस्लामाबाद में होगा SCO शिखर सम्मेलन
पाकिस्तान 2026-27 के लिए SCO राष्ट्राध्यक्ष परिषद की अध्यक्षता कर रहा है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, उसकी अध्यक्षता की थीम टर्निंग विजन साझा दृष्टि को कार्रवाई में बदलना, संपर्क, नवाचार और साझा समृद्धि है.
इस थीम के तहत पाकिस्तान बेहतर क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने, आर्थिक सहयोग को विस्तार देने और लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने पर ध्यान देगा. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा है कि उसकी अध्यक्षता का उद्देश्य SCO सदस्य देशों की साझा सोच को व्यावहारिक और सभी के लिए लाभकारी पहलों में बदलना है.
विदेश कार्यालय के मुताबिक, पाकिस्तान सभी सदस्य देशों और SCO सचिवालय के साथ मिलकर इन प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और संगठन के भीतर सहयोग को और मजबूत करने के लिए काम करेगा.
2027 के कार्यक्रमों की तैयारी का पहला बड़ा मंच
राष्ट्रीय समन्वयकों की परिषद यानी काउंसिल ऑफ नेशनल कोऑर्डिनेटर्स (CNC) की बैठक पाकिस्तान की अध्यक्षता के शुरुआती दौर में सदस्य देशों के बीच समन्वय के लिए एक अहम मंच के तौर पर काम करेगी. इस बैठक के जरिए पाकिस्तान की अध्यक्षता के दौरान होने वाली विभिन्न उच्चस्तरीय बैठकों और कार्यक्रमों की तैयारी को आगे बढ़ाया जाएगा.
इनमें अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में होने वाली SCO राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक भी शामिल है. राष्ट्रीय समन्वयक स्तर पर होने वाली चर्चा से सदस्य देशों के बीच आगामी कार्यक्रमों और प्राथमिकताओं को लेकर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी.





























































