जितेंद्र कुमार ने बताया, “दो बच्चों की मौत हो गई है जबकि दो अन्य एक अस्पताल में भर्ती

0
5

अररिया: बिहार के अररिया जिले में एक नहर परियोजना क्षेत्र में मिट्टी का टीला ढहने से उसके नीचे दबकर दो बच्चों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना जिले के नरपतगंज प्रखंड के अंतर्गत आने वाले फुलकाहा गांव में हुई। 

अररिया के पुलिस अधीक्षक (SP) जितेंद्र कुमार ने बताया, “दो बच्चों की मौत हो गई है जबकि दो अन्य एक अस्पताल में भर्ती हैं। घायल बच्चों की स्थिति स्थिर बनी हुई है।” एसपी ने बताया कि बच्चे नहर परियोजना क्षेत्र के पास खेल रहे थे, जहां परियोजना के तहत खोदी गई मिट्टी को दोनों तरफ ढेर बनाकर रखा गया था। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण मिट्टी की ऊपरी परत ढह गई, जिससे बच्चे उसके नीचे दब गए। एसपी ने बताया कि मृतकों के परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों समेत कई परिवार नहर परियोजना के पास सरकारी जमीन पर रह रहे थे। 

कुमार ने बताया, “स्थानीय निवासियों के माध्यम से यह बात हमारे संज्ञान में आई है कि पड़ोस का रहने वाला राजू पासवान नियमित रूप से मिट्टी के टीलों की खुदाई करके मिट्टी निकालता रहता था। इसके परिणामस्वरूप, जहां मिट्टी के टीले की ऊपरी परत तो ठोस हो गई थी, वहीं कुछ जगहों पर यह नीचे से खोखली हो गई थी।” एसपी ने कहा कि पुलिस अन्य पहलुओं के अलावा मामले के इस कोण की भी जांच कर रही है। 

LEAVE A REPLY