जिलाधिकारी ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय शेषपुर, समोधा का किया निरीक्षण, विद्युत आपूर्ति एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

0
58


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, शेषपुर, समोधा का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, शिक्षण कक्षों, प्रयोगशाला (लैब), रसोईघर, डायनिंग हाल तथा छात्रावास का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की गुणवत्ता एवं छात्रों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विद्यालय में छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा तथा रसोईघर एवं डायनिंग हाल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि छात्रों को पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान रक्खा जाये।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। छात्रों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी विभिन्न आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने छात्रों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विद्यालय में विद्युत आपूर्ति के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण फीडर होने के कारण विद्युत आपूर्ति में कुछ समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाएगा, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके और छात्रों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के आवश्यक मेंटेनेंस एवं मरम्मत कार्य कराए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की भवन संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ-साथ यहां उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने विद्यालय में स्पोर्ट्स सुविधाओं को भी सुदृढ़ एवं विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर सकें और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिले।
निरीक्षण के दौरान छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डायनिंग हाल में एक वाटर कूलर, छात्रावास के लिए एक फ्रिज तथा दो कूलर तत्काल उपलब्ध कराए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में रहकर अध्ययन करने वाले छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, भोजन, छात्रावास, शिक्षण एवं खेलकूद सहित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चे प्रशासन की प्राथमिकता हैं और उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं सकारात्मक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
निरीक्षण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह, प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY