रायबरेली : जनपद में युवाओं एवं भावी उद्यमियों को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उद्यमी लांच पैड, एमएसएमई उत्तर प्रदेश के अंतर्गत एक दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग वर्कशॉप-I एवं वर्कशॉप-II का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गोरा बाजार, रायबरेली में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता द्वारा किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियां मुख्यमंत्री युवा योजना (सी.एम. युवा) का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ें। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि छोटे ऋण से भी अनेक लोग जनपद में अपने व्यवसाय के माध्यम से विशिष्ट पहचान बना रहे हैं।
कार्यशाला में सी.एम. युवा, एम.वाई.एस.वाई., ओ.डी.ओ.पी., ओ.डी.ओ.सी. एवं एमएसएमई पॉलिसी सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन प्रक्रिया, व्यवसाय पंजीकरण, डिजिटल मार्केटिंग एवं उद्यम स्थापना से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, निदेशक यूनियन बैंक आरसेटी, सहायक आयुक्त उद्योग, विशेषज्ञ समाधान समिति, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कौशल विकास मिशन, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, वरिष्ठ प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक, जिला प्रबंधक कौशल विकास मिशन सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, बैंक अधिकारी, स्टेकहोल्डर्स, एमएसएमई विभाग के अधिकारी, युवा भावी उद्यमी, लाभार्थीगण एवं जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।























































