साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की आखिरी फिल्म को आप ZEE5 पर हिंदी में देख सकते हैं. साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास परफॉर्म नहीं कर पाई. इसके बाद 21 अगस्त को ‘जन नायकन’ तमिल और तेलुगु में जी5 पर स्ट्रीम हुई. अब फिल्म की हिंदी ओटीटी रिलीज को लेकर भी नया अपडेट सामने आया है.
हिंदी भाषा में ओटीटी पर कहां देखें ‘जन नायकन’?
दर्शक लंबे समय से ‘जन नायकन’ के हिंदी वर्जन का इंतजार कर रहे थे. अब उनका इंतजार खत्म हो गया है. थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ हिंदी में ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम हो रही है. मेकर्स ने खुद इसकी अनाउंसमेंट की है. जी5 ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘थलपति विजय की आखिरी फिल्म ताकत, बदलाव और बॉबी देओल के साथ टकराव की कहानी है. ‘जन नेता’- अभी देखें, सिर्फ जी5 हिंदी पर.’ ये फिल्म हिंदी में ‘जन नेता’ के नाम से रिलीज हुई है.
‘जन नायकन’ के बारे में जानिए
‘जन नायकन’ में बॉबी देओल ने विलेन का किरदार निभाया है. फिल्म में बॉबी देओल और थलपति विजय आमने-सामने नजर आते हैं. फिल्म में पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन, नारायण, प्रियामणि और ममिता बैजू भी अहम भूमिकाओं में हैं. इसका निर्देशन एच. विनोथ ने किया है. फिल्म 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा फिल्म के प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण हैं.
‘जन नायकन’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जन नायकन’ ने दुनिया भर में 324.54 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इसमें भारत में फिल्म की ग्रॉस कमाई 231.04 करोड़ रुपये, जबकि ओवरसीज मार्केट से 93.50 करोड़ रुपये रही. वहीं, फिल्म ने दुनिया भर में 198.43 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. ये आंकड़ा 1,32,671 शोज का है.
दीक्षा शर्मा ABP LIVE की एंटरटेनमेंट टीम में बतौर कंसलटेंट कंटेंट राइटर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया और मनोरंजन पत्रकारिता में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव है. इससे पहले वो ज़ी मीडिया और न्यूजबाइट्स हिंदी में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. दीक्षा शर्मा ने सिंघानिया यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. इसके बाद उन्होंने सुभारती यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है.




























































