डीएम की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के दिए गए निर्देश

0
40


रायबरेली : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (शहरी/ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, निर्माणाधीन कार्यों की वर्तमान स्थिति, परियोजनाओं की प्रगति तथा पाइप लाइन बिछाने के दौरान कटिंग की गई सड़कों के रेस्टोरेशन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि परियोजनाओं के कार्य में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने पाइप लाइन बिछाने के दौरान कटिंग की गई सड़कों के संबंध में विशेष रूप से निर्देश दिए कि सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जन सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) रणविजय सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी) मो० अफजल खान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY