बछरावां (रायबरेली):
कस्बे में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा ग्रामीण बैंक के सामने स्थित कपड़े की एक सेल की दुकान में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखे कपड़े धू-धू कर जलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लाखों का सामान जलकर खाक
रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुई इस घटना में आग की चपेट में आने से लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का पूरा प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल के मौके पर पहुंचने से पहले ही दुकान में रखा पूरा सामान जल चुका था।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, दुकान में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और इस घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।































































