रायबरेली : जनपद के किसानों के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। उप कृषि निदेशक ने आगामी दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना जताते हुए किसानों को सतर्क रहने और अपनी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की अपील की है।
मौसम का पूर्वानुमान और बचाव
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। ऐसे में किसान भाई अपनी तैयार रबी फसलों की कटाई जल्द से जल्द कराकर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भंडारित कर लें, ताकि भीगने से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
फसल बीमा योजना: संकट में किसानों का सहारा
उप कृषि निदेशक ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को व्यापक सुरक्षा कवर प्रदान किया जा रहा है:
प्रीमियम दर: रबी की फसलों के लिए 1.5% और औद्यानिक (बागवानी) फसलों के लिए 5% प्रीमियम निर्धारित है।
बुवाई में विफलता: यदि किसी कारणवश बुवाई असफल होती है, तो बीमित राशि का 25% तत्काल भुगतान किया जाएगा।
कटाई के बाद भी सुरक्षा: खेत में कटी हुई फसल को कटाई के 14 दिनों तक यदि बेमौसम बारिश या चक्रवात से नुकसान होता है, तो व्यक्तिगत स्तर पर क्षति का आंकलन कर मुआवजा दिया जाएगा।
72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं शिकायत
प्राकृतिक आपदा जैसे ओलावृष्टि, भूस्खलन या जल भराव से फसल को नुकसान होने पर, बीमित किसान को 72 घंटे के भीतर सीधे बीमा कंपनी को सूचना देनी होगी। इसके लिए भारत सरकार द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
अपील: जनपद के सभी किसान भाई रबी 2025 की फसलों में वर्षा या अतिवृष्टि से हुई किसी भी क्षति की जानकारी तत्काल टोल-फ्री नंबर पर दें ताकि ससमय क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया पूरी की जा सके।






























































