अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में केवल किताबी ज्ञान लिखने से काम नहीं

0
23

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपनी मूल्यांकन प्रणाली में बड़ा बदलाव करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। अब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में केवल किताबी ज्ञान को रटकर उत्तर लिखने से काम नहीं चलेगा, बल्कि छात्रों की विषयगत समझ, तार्किक सोच और ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग को अधिक महत्व दिया जाएगा। बोर्ड द्वारा जारी एक ताजा परिपत्र (सर्कुलर) के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक सार्थक बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों के वास्तविक सीखने की क्षमता का सही आकलन हो सके। मामले को लेकर सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर सुमंत कुमार ने बताया कि मूल्यांकन के तरीके को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप ढालने की तैयारी चल रही है। बोर्ड द्वारा जारी इस सर्कुलर में बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नों के पैटर्न में किसी तत्काल बदलाव की घोषणा नहीं की गई है।

सीबीएसई के राष्ट्रीय सम्मेलन में होगा मंथन

सीबीएसई द्वारा जारी पत्र के अनुसार मूल्यांकन की इस नई नीति पर देशभर के स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षाविदों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके लिए 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में 32वें राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। सम्मेलन की थीम मूल्यांकन: वैश्विक रूप से उन्मुख, भविष्य के लिए तैयार शिक्षार्थियों का निर्माण रखा गया है। सम्मेलन में इस बात पर गहन चर्चा होगी कि अंकों के पारंपरिक दायरे से बाहर निकलकर छात्रों की सीखने की क्षमता, नवीन विचारों और व्यावहारिक ज्ञान का आकलन कैसे किया जाए। साथ ही, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को उत्तरपुस्तिकाओं को जांचने के तरीके बताए जाएंगे।

छात्रों की तैयारी पर क्या होगा असर

यदि सीबीएसई योग्यता-आधारित मूल्यांकन प्रणाली को पूरी तरह लागू करता है, तो इससे छात्रों की पढ़ाई का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा। उन्हें रटे-रटाए जवाब लिखने के बजाय अपनी समझ के आधार पर प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। उदाहरण के लिए, विज्ञान विषय में अब किसी सिद्धांत की केवल परिभाषा याद कर लेना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि दैनिक जीवन और व्यावहारिक दुनिया में उसके उपयोग को समझना भी अनिवार्य होगा। इसी तरह गणित में केवल सूत्र (फॉर्मूला) रटने से बात नहीं बनेगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्यों को पूरा करने की पहल

बोर्ड की इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों में विषयों की गहरी समझ विकसित करना है, ताकि वे परीक्षा हॉल से बाहर भी अपने ज्ञान का उपयोग कर सकें। यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की उस मूल भावना के अनुरूप है, जो रटने की प्रवृत्ति को खत्म कर विश्लेषणात्मक और तार्किक क्षमता विकसित करने पर जोर देती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अब छात्रों को केवल अभ्यास प्रश्नों को हल करने के बजाय अनुप्रयोग-आधारित (एप्लीकेशन-बेस्ड) सवालों पर काम करना होगा और सिद्धांतों को अपने शब्दों में समझाने की आदत डालनी होगी।

LEAVE A REPLY