गोवंश के बेहतरी के लिए निरंतर करें कार्य – हर्षिता माथुर
रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विकास खण्ड डलमऊ की अस्थायी गौ संरक्षण केन्द्र पूरे रेवती का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गायों के खानपान, चारे आदि व्यवस्था के बारे में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि ग्रीष्म ऋतु/हीट वेव से बचाव हेतु सभी गौशाला केन्द्रों पर पर्दे व छायादार वृक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि गौवंश को बीमारियों आदि से बचाव के लिए समय-समय पर गोवंशों की चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए। गोवंशों के खान-पान चारा आदि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न होने पाये और गौवंशों की बेहतरी के लिए निरंतर कार्य किये जाये।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निरीक्षण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर आदि रजिस्टरों का अवलोकन भी किया तथा सम्बन्धित अधिकारी से निरीक्षण आदि व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कस्बों में जो निराश्रित गौवंश मिले उन्हें गौशालाओं में पहुंचा कर उनका संरक्षण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में चारा, पानी आदि में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे।
इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कुलदीप द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।






























































