बिहार के रोहतास में घर से भागकर शादी करने वाली लड़की का शव मिलने से हड़कंप मच गया

0
5

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में एक युवती का शव कुएं से बोरे में बंद हालत में बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव के पहाड़ी इलाके की है। मृतका की पहचान बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मानी गांव निवासी मंटु पासी की बेटी लक्ष्मीना कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति पिंकू बिंद और धनजी पासी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है प्रेम-प्रसंग के बाद घर से भागकर की थी शादी 

जानकारी के अनुसार लक्ष्मीना कुमारी और विश्रामपुर निवासी फिलम बिंद के बेटे पिंकू बिंद के बीच पहले से प्रेम-प्रसंग था। दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना घर से भागकर शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों विश्रामपुर के पहाड़ी इलाके में स्थित एक झोपड़ी में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से लक्ष्मीना की अपने मायके के परिजनों से बातचीत नहीं हो रही थी। परिवार के लोगों ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं हो सकी तो उनकी चिंता बढ़ गई।

बेटी से संपर्क नहीं होने पर पुलिस से की शिकायत 

लगातार संपर्क नहीं होने के बाद लक्ष्मीना के माता-पिता बड्डी थाना पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बेटी के संबंध में जानकारी देते हुए आवेदन दिया और उसकी तलाश करने का अनुरोध किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को विश्रामपुर गांव के पहाड़ी इलाके में स्थित एक कुएं के संबंध में जानकारी मिली।

कुएं में बोरे से बरामद हुआ शव 

पुलिस ने जांच के दौरान कुएं से बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद किया। शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पुलिस ने कब्जे में लिया। शव की पहचान लक्ष्मीना कुमारी के रूप में की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हत्या की आशंका के एंगल से जांच 

प्रारंभिक जांच में पुलिस युवती की मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका के एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लक्ष्मीना की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को बोरे में बंद कर कुएं तक कैसे पहुंचाया गया।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही मृतका के पति और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

रोहतास एसपी ने क्या बताया?

रोहतास एसपी मिस्टर राज के अनुसार मामले की जांच-पड़ताल के बाद मृतका के पति पिंकू बिंद और धनजी पासी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

एसपी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद युवती की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, घटनास्थल की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि रात के अंधेरे में युवक को अपनी प्रेमिका से मिलना भारी पड़ा और उसकी पीट पीटकर युवक की हत्या हो गई। (इनपुट- रोहतास से रंजन सिंह)

LEAVE A REPLY