रायबरेली : गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व के अवसर पर जनपद रायबरेली स्थित ऊंचाहार के प्रसिद्ध गोकना गंगा घाट पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पवित्र पर्व पर मां गंगा के निर्मल एवं बहते जल में स्नान करने के लिए देर रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था।
सुबह होते-होते घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एकत्र हो गई। भोर में ‘हर-हर गंगे’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोषों के साथ श्रद्धालुओं ने मां गंगा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई।
जलाभिषेक के लिए उठाया गंगाजल
स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर अपने और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गोकना घाट से पवित्र गंगाजल उठाया और आसपास के शिवालयों की ओर प्रस्थान किया।
सुरक्षा एवं व्यवस्था के इंतजाम
मेले और भीड़ को देखते हुए घाट एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहकर व्यवस्था संभाले रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं का घाट पर आने-जाने का सिलसिला दिनभर चलता रहा।































































