रायबरेली : मा० उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली सै० माऊज बिन आसिम के दिशा-निर्देशन में आगामी 12 दिसम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा बैंकों में लंबित प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों के अधिकाधिक निस्तारण की रूपरेखा निर्धारित करने के उद्देश्य से आज सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा की अध्यक्षता में बैंक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सचिव द्वारा उपस्थित बैंक शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक बैंक संबंधी मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्री-लिटिगेशन वादों को अधिकाधिक संख्या में चिह्नित करने तथा राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन को इसका लाभ मिल सके और राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा अमेठी एवं रायबरेली, बड़ौदा यू०पी० ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, एच०डी०एफ०सी० बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक, रायबरेली के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





























































