आप ज्यादा संतुलित और पौष्टिक विकल्पों को चुनकर अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं. आजकल लोगों के पास कम समय होने की वजह से पैकेट में मिलने वाले स्नैक्स, रेडी-टू-ईट फूड और जल्दी तैयार होने वाले विकल्प हमारी रोजमर्रा की डाइट में शामिल हो गए हैं. चिंता की बात यह है कि अब ये विकल्प हमारे ताजे और घर के बने खाने की जगह लेने लगे हैं. यदि आप अपनी सेहत में सुधार करना चाहते हैं और पैकेज्ड फूड से दूरी बनाना चाहते हैं, तो ऐसे में आपको अपनी पूरी डाइट बदलने या किचन से हर पैकेज्ड प्रोडक्ट हटाने की जरूरत नहीं है. कुछ छोटे बदलाव कर के भी आप इन चिजों से दूरी बना सकते हैं.
सुबह की शुरुआत थोड़ी अलग करें
दिन का पहला खाना पूरी डाइट का मूड तय करता है. अगर आपका सुबह का नाश्ता अक्सर मीठे या पैकेज्ड विकल्पों पर निर्भर रहता है, तो आप इन्हें घर की कुछ सामान्य चीजों से बदल सकते हैं. जैसे कि आप ओट्स को दूध, बीज और थोड़े नट्स के साथ नाश्ते में ले सकते हैं. वहीं पोहा, सब्जियों वाला उपमा या मूंगफली जैसी चीजें भी आसान विकल्प होते हैं.
भूख और आदत में फर्क समझें
कई बार स्नैकिंग असली भूख की वजह से नहीं बल्कि आदत के कारण होती है. खासकर चाय या कॉफी के साथ कुछ खाने की इच्छा इसी तरह की आदत होती है. ऐसे समय में घर में भुना चना, मखाना, फल या थोड़ी मात्रा में नट्स को लेना बेहतर होता है.
मीठे विकल्पों का लेबल जरूर देखें
दही और योगर्ट को अक्सर हेल्दी स्नैक समझकर चुना जाता है, लेकिन हर फ्लेवर्ड विकल्प एक जैसा नहीं होता. खरीदते समय लेबल पर शुगर की जानकारी जरूर देखें. रोजमर्रा के लिए सादा दही लेकर उसमें फल या कुछ नट्स मिलाना हेल्दी होता है.
फल खाने का तरीका बदलें
फल डाइट में शामिल करने के लिए जूस बनाना जरूरी नहीं है. जब पूरा फल आसानी से उपलब्ध हो, तो उसे सीधे खाना एक सरल खाना ज्यादा बेहतर और हेल्दी होता है. सेब, अमरूद, संतरा या पपीता जैसे फल बिना सीधा खाने से उसके पोषक तत्व और गुण बने रहते हैं. साबुत फल में मौजूद फाइबर भी डाइट का हिस्सा बनता है, इसलिए रोज फल लेने वालों के लिए यह छोटा बदलाव उपयोगी हो सकता है.
खाने के साथ इस्तेमाल होने वाली चीजों को भी गिनें
कभी-कभी मुख्य भोजन घर का बना होता है, लेकिन उसके साथ इस्तेमाल होने वाली चीजें पैकेज्ड होती हैं. जैसे कई लोगों को केचप, डिप्स और रेडीमेड ड्रेसिंग खाना पसंद होता है. इनका इस्तेमाल कम मात्रा में होता है, इसलिए लोग इन्हें अपनी डाइट का हिस्सा मानकर ध्यान नहीं देते. आप खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए नींबू, हरी चटनी, दही या घर के मसालों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
निर्जला गौड़ इस वक्त ABP Live की लाइफस्टाइल डेस्क पर इंटर्न के तौर पर काम कर रही हैं. वह मंदसौर यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में अपनी डिग्री कर रही हैं. इससे पहले वह EBNW Stories में कंटेंट राइटर के तौर पर इंटर्नशिप कर चुकी हैं. डिजिटल जर्नलिज्म और कंटेंट क्रिएशन में उनकी खास रुचि है. आसान, आकर्षक और रिलेटेबल अंदाज में कहानियों को पेश करना और पाठकों तक जानकारी को प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी खासियत है.




























































