सीडीओ की अध्यक्षता में छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण समिति की बैठक सम्पन्न

0
24


रायबरेली : मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन के संबंध में जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण समिति तथा जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने, सत्यापन एवं अन्य आवश्यक क्रियात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग एवं विद्यालय निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करते हुए छात्रवृत्ति प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करें।
बैठक में अवगत कराया गया कि शिक्षण संस्थाओं द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने का कार्य 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा उसका सत्यापन 23 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। अल्पसंख्यक वर्ग के लिए एनएसपी पोर्टल पर पंजीकरण एवं निजी विद्यालयों की मार्किंग का कार्य 23 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक संपन्न होगा।
विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की समय-सीमा नवीनीकरण के लिए 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तथा नवीन आवेदनों के लिए 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों द्वारा आवेदन पत्र संस्थाओं में जमा करने, संस्थाओं द्वारा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक एवं उपस्थिति दर्ज करने, पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाइन अग्रसारित करने तथा अपात्र विद्यार्थियों के आवेदन निरस्त करने की कार्यवाही भी शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता ने समस्त प्रधानाचार्यों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय पर अग्रसारित किए जाएं तथा अपात्र आवेदनों को तत्काल निरस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी संस्था स्तर पर छात्रवृत्ति आवेदन लंबित पाए गए तो संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी आर0वी0 सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY