इस घोषणा के साथ ही साफ हो गया है कि इस बार ऑक्शन में ज्यादा हलचल देखने को नहीं मिलेगी, क्योंकि अधिकांश टीमों ने अपने मुख्य खिलाड़ियों को पहले ही बरकरार रख लिया है। अब 7 अक्टूबर को होने वाले ऑक्शन में सिर्फ 19 स्थानों के लिए बोली लगेगी।
सबसे बड़ी खबर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मिचेल मार्श को लेकर आई है, जो पहली बार SA20 में खेलते नजर आएंगे। मार्श को तीन बार की चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने अपनी टीम में शामिल किया है। मार्श की जोड़ी पिछले सीजन के प्लेयर ऑफ द सीजन क्विंटन डी कॉक के साथ देखने को मिलेगी। सनराइजर्स अपना पहला मुकाबला 17 जनवरी 2027 को प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी।
फिल सॉल्ट की वापसी
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने भी अपने स्क्वॉड को और मजबूत किया है। इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट की टीम में वापसी हुई है। उनके साथ वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड, साउथ अफ्रीका के युवा स्टार डेवाल्ड ब्रेविस और तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी भी टीम का हिस्सा होंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू शॉर्ट भी पहली बार प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। पार्ल रॉयल्स ने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को फिर से अपने साथ जोड़ा है। रूट दूसरी बार इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे। उनके अलावा डेविड मिलर, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और ओटनील बार्टमैन जैसे खिलाड़ी भी टीम में शामिल हैं।
सैम करन बने डरबन का हिस्सा
डरबन सुपर जायंट्स ने इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन को अपने साथ जोड़ा है। वह एडेन मारक्रम, जोस बटलर, सुनील नरेन और हेनरिक क्लासेन के साथ खेलते नजर आएंगे। क्लासेन ने हाल ही में IPL 2026 में भी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा था।
वहीं, MI केप टाउन ने इंग्लैंड के विल जैक्स को प्री-साइन किया है। इससे पहले वह तीन सीजन तक प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं। अब वह कगिसो रबाडा, रयान रिकल्टन और निकोलस पूरन जैसे खिलाड़ियों के साथ MI केप टाउन की ताकत बढ़ाएंगे। जोबर्ग सुपर किंग्स ने वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर को अपने स्क्वॉड में शामिल किया है। उनके साथ अकिल होसैन, इंग्लैंड के जेम्स विंस, डोनोवन फरेरा और डायन फॉरेस्टर भी टीम का हिस्सा रहेंगे।





















































